बड़ी तीज की पूर्व संध्या पर सजेगा माहेश्वरी मंडल वर्धा का पारंपरिक ‘आपणों उत्सव’
माहेश्वरी मंडल, वर्धा की 65 वर्षों की गौरवशाली एवं अबाधित परंपरा को आगे बढ़ाते हुए बड़ी तीज की पूर्व संध्या पर रविवार, 30 अगस्त 2026 को स्थानीय माहेश्वरी भवन में पारंपरिक ‘आपणों उत्सव’ का भव्य आयोजन किया जाएगा।
उत्सव की गरिमा बढ़ाने के लिए हैदराबाद की सुविख्यात उद्योगपति, प्रखर वक्ता एवं सामाजिक चिंतक श्रीमती भगवतीदेवी बल्दवा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी। व्यापार, समाज, संस्कृति और समसामयिक विषयों पर उनके विचार समाजबंधुओं के लिए प्रेरणादायी होंगे।
मंडल के समन्वयक श्री राजकुमार जाजू ने बताया कि श्रीमती बल्दवा प्रतिष्ठित औद्योगिक परिवार से ताल्लुक रखती हैं। व्यवसाय के साथ सामाजिक चेतना, कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में भी उनका उल्लेखनीय योगदान है। उनके हर्बल उत्पादों का कारोबार 65 देशों तक फैला हुआ है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा ‘मन की बात’ कार्यक्रम में भी उनके कार्यों की सराहना की जा चुकी है। वे विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक एवं औद्योगिक संस्थाओं से सक्रिय रूप से जुड़ी हैं तथा अनेक सम्मान प्राप्त कर चुकी हैं। मूलतः राजस्थान से जुड़ी श्रीमती बल्दवा पारंपरिक संस्कारों से लेकर उद्योग, बैंकिंग, व्यवसाय और Gen-Z पीढ़ी से जुड़े समसामयिक विषयों पर प्रभावी ढंग से अपने विचार रखती हैं।
परिवार की भागीदारी से व्यवसाय की समृद्धि तक विषय पर दोपहर में समाजबंधुओं के लिए उनके साथ विशेष चर्चा-सत्र आयोजित किया जाएगा। वहीं शाम को वे महेश पंत संस्था एवं माहेश्वरी महिला मंडल, वर्धा द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगी। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ ‘आपणों उत्सव’ का मुख्य समारोह प्रारंभ होगा। समारोह में वरिष्ठजनों का सम्मान, मेधावी विद्यार्थियों का सत्कार तथा मुख्य अतिथि का उद्बोधन होगा।
इस अवसर पर हाल ही में विदर्भ प्रादेशिक माहेश्वरी संगठन के अध्यक्ष चुने गए अकोला के प्रा. डॉ. रमण हेडा का भी समाज की ओर से विशेष सम्मान किया जाएगा। विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय प्रा. हेडा इंजीनियरिंग, पत्रकारिता, अधिवक्ता एवं व्यवसाय प्रबंधन जैसी विधाओं में दक्षता रखते हैं। सामाजिक एवं जनसेवा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें विदर्भ गौरव, महेश रत्न, जल मित्र, पत्रकार मित्र एवं श्मशान सेवा व्रती सहित अनेक सम्मानों से अलंकृत किया जा चुका है।
माहेश्वरी मंडल की ओर से समाजबंधुओं से उत्सव में अधिकाधिक संख्या में सहभागी बनने का आह्वान किया गया है। आयोजन की सफलता के लिए मंडल के अध्यक्ष नंदकिशोर भूतड़ा, सुनीता राठी, ऋषभ जाजू, कु. साक्षी चितलांगे, सचिव हरीश गांधी, छाया पसारी, अमित लढ्ढड़, विशाखा टावरी तथा समन्वयक राजकुमार जाजू एवं ललित राठी सहित पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal