माहेश्वरी सभा ओसियां की बैठक में समाज सुधार पर मंथन, नई कार्यकारिणी की घोषणा

तहसील माहेश्वरी सभा ओसियां की साधारण बैठक अध्यक्ष सुनील लाहोटी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक का शुभारंभ भगवान महेश की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इस अवसर पर नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष पुरुषोत्तम मूंदड़ा, जिला अध्यक्ष सोहनलाल जी चांडक, जिला सचिव ओमप्रकाश लोहिया तथा राधेश्याम एवं जयकिशन सोनी का अभिनंदन किया गया। बैठक में तहसील सभा की नई कार्यकारिणी की घोषणा भी की गई। सभा मंत्री मदनलाल राठी ने उपस्थित सदस्यों का पंजीयन किया।

बैठक में समाज में विवाह संबंधी बढ़ती समस्याओं और घटती जनसंख्या को लेकर गंभीर मंथन किया गया। सदस्यों ने चिंता जताई कि कई मामलों में सगाई के बाद विवाह की तैयारियां पूरी हो जाने के बावजूद विवाह संबंध टूट जाते हैं, जिससे संबंधित परिवारों को मानसिक, सामाजिक और आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस समस्या के समाधान के लिए तहसील एवं जिला स्तर पर विशेष कमेटी गठित करने का प्रस्ताव रखा गया, जिस पर उपस्थित सदस्यों ने सहमति व्यक्त की।

पूर्व प्रदेश मंत्री भगवानदास राठी एवं सुनील लाहोटी ने विवाह संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता बताई। ओमप्रकाश बुब ने कहा कि विवाह संबंधी मामलों पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। वहीं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रतनलाल डागा ने तहसील सभा एवं ग्राम इकाइयों को समाज की मजबूत कड़ी बताते हुए इनके माध्यम से समाज को संगठित करने पर जोर दिया।

बैठक में खुले मंच के माध्यम से सदस्यों से सुझाव भी आमंत्रित किए गए। अनिल कासट ने विवाह समारोहों में प्री-वेडिंग शूट तथा अनावश्यक खर्चों को कम करने की आवश्यकता बताई। प्रवीण राठी ने महासभा एवं जिला सभा की ओर से संचालित योजनाओं को और सरल बनाने का सुझाव दिया। रामकिशोर डागा ने कहा कि लड़के-लड़कियों के विवाह समय पर नहीं होने से समाज की जनसंख्या पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

इस पर तहसील सभा अध्यक्ष सुनील लाहोटी ने घोषणा की कि 21 वर्ष की आयु में बेटी का विवाह करने वाले परिवार को तहसील माहेश्वरी सभा की ओर से सम्मानित किया जाएगा।

प्रदेश अध्यक्ष पुरुषोत्तम मूंदड़ा ने कहा कि ओसियां तहसील प्रदेश की बड़ी तहसीलों में शामिल है। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही महासभा एवं जिला सभा की योजनाओं की जानकारी लेकर गांव-गांव भ्रमण किया जाएगा, ताकि जरूरतमंद परिवारों को विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल सके। इस अवसर पर समाज के भामाशाहों ने आर्थिक सहयोग देने की घोषणा भी की।

मथानिया माहेश्वरी समाज के अध्यक्ष सूर्यप्रकाश ने घोषणा की कि तहसील माहेश्वरी सभा के परिवार में विवाह समारोह के प्रतिभोज में 11 आइटम रखने वाले परिवार को माहेश्वरी समाज भवन नि:शुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।

बैठक में महासभा एवं जिला सभा की ओर से संचालित योजनाओं की पुस्तिका तथा आवेदन फार्म सभी सदस्यों को उपलब्ध करवाए गए। इन्हें घर-घर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी भी सदस्यों को सौंपी गई, ताकि समाज का प्रत्येक पात्र परिवार योजनाओं से लाभान्वित हो सके।

अंत में सभा मंत्री मदनलाल राठी एवं ओमप्रकाश बुब ने सभी उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया। बैठक में तिंवरी, मथानिया, ओसियां, भिकमकोर, जाखण, पुनासर, बापिणी, चाड़ी, निम्बो का तालाब, कड़वा एवं बेदु सहित विभिन्न ग्राम इकाइयों के सदस्य, महिला मंडल एवं नवयुवक मंडल के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal