श्री बीकानेरी माहेश्वरी पंचायत महिला समिति नागपुर ने आयोजित की 'तीज री धमोली'

श्री बीकानेरी माहेश्वरी पंचायत महिला समिति नागपुर की ओर से तीज के पावन अवसर पर 'तीज री धमोली' कार्यक्रम का आयोजन श्री राम भंडार में उत्साह एवं उल्लास के साथ किया गया। आयोजन में समिति की वर्तमान कार्यकारिणी के साथ पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व सचिवों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में महिलाओं एवं अतिथियों का तिलक लगाकर, हाथों में गजरा पहनाकर तथा पारंपरिक पगड़ी पहनाकर राजस्थानी संस्कृति एवं परंपरा के अनुरूप स्वागत किया गया। निर्धारित समय पर 'धमोली री पोटली' खोलकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। समय की पाबंदी को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अध्यक्ष मीना बिनानी एवं सचिव बीना मोहता ने पोटली खोली। इसमें राधिका राठी प्रथम एवं ज्योति कोठारी द्वितीय विजेता रहीं।

इसके बाद विशाखा डागा एवं जागृति मोहता ने स्वागत नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। शीला तापडिय़ा ने 'तीज री धमोली' विषय पर स्वरचित कविता प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण 'तीज क्वीन' प्रतियोगिता रही, जिसमें विशाखा डागा ने प्रथम तथा कविता राठी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं 'बेस्ट जोड़ी—अपनी प्यारी रिश्ते को दीजिए एक नया अंदाज' प्रतियोगिता में विशाखा डागा एवं प्रतीक्षा मोदानी की जोड़ी प्रथम तथा उषा राठी एवं प्रेरणा राठी की जोड़ी द्वितीय रही। प्रतियोगिताओं में शीला तापडिय़ा, वंदना मूंदड़ा एवं संगीता पच्चीसिया ने निर्णायक की भूमिका निभाई।

कार्यक्रम में लहरिया एवं पारंपरिक परिधानों की थीम विशेष आकर्षण का केंद्र रही। श्यामा डागा एवं निशिता मूंदड़ा ने लहरिया थीम पर नृत्य प्रस्तुत किया। विशाखा डागा के संचालन में ग्रुप गेम का आयोजन हुआ, जिसमें शिवानी मूंदड़ा एवं टीम विजेता रही।

कार्यक्रम में हाउजी का भी आयोजन किया गया, जिसमें नकद पुरस्कारों के साथ आकर्षक उपहार प्रदान किए गए। DIY गतिविधि के अंतर्गत महिलाओं ने उपलब्ध सामग्री से सुंदर लिफाफे तैयार किए। समिति की ओर से कार्यक्रम में शामिल महिलाओं के फोटोग्राफ भी आकर्षक रूप में उपहार स्वरूप प्रदान किए गए।

कार्यक्रम के समापन पर सभी के लिए पारंपरिक दाल-बाटी-चूरमा का भोजन रखा गया। पूरे आयोजन के दौरान महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कार्यक्रम आपसी सौहार्द, मनोरंजन तथा राजस्थानी संस्कृति के पारंपरिक रंगों से सराबोर रहा।

कार्यक्रम का संचालन समिति की सचिव बीना मोहता ने किया। आयोजन की सफलता में अध्यक्ष मीना बिनानी, सचिव बीना मोहता, संयोजिका बसंती मूंदड़ा, श्यामा डागा सहित पूरी कार्यकारिणी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal