| वाराणसी माहेश्वरी महिला संगठन ने मनाया भव्य लहरियो तीज उत्सव |
|
|
माहेश्वरी महिला संगठन वाराणसी की ओर से सावन की हरियाली और तीज के उल्लास को समर्पित 'लहरियो तीज उत्सवÓ का आयोजन 25 अगस्त 2026 को माहेश्वरी भवन में हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया। रंग-बिरंगे लहरिया परिधानों में सजी महिलाओं ने राजस्थानी संस्कृति, परंपरा और लोक कला की मनोहारी छटा बिखेरी। कार्यक्रम की थीम 'इंस्टाग्राम राजस्थान' रखी गई, जिसके अंतर्गत राजस्थानी नृत्य रील, कॉमेडी रील एवं घूमर नृत्य सहित विभिन्न मनोरंजक एवं सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की गईं। श्रृंगार प्रतियोगिता में लहरियो, काजल, मेहंदी, बाजूबंद और पायल नाम से पांच ग्रुप बनाए गए। राजस्थानी नृत्य रील में लहरियो ग्रुप को सर्वाधिक लाइक एवं शेयर मिले, जबकि राजस्थानी कॉमेडी रील में मेहंदी एवं पायल ग्रुप ने सर्वाधिक लाइक एवं शेयर प्राप्त किए। महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पारंपरिक घूमर नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों ने समारोह में विशेष रंग भर दिया। कार्यक्रम के दौरान तीज क्वीन का चयन भी किया गया, जिसमें स्वाति बाहेती को तीज क्वीन, श्रेया सोमानी को प्रथम रनर-अप तथा राधिका मूंदड़ा को द्वितीय रनर-अप चुना गया। लहरिया परिधानों में सजी महिलाओं ने सावन और तीज के पारंपरिक रंगों को जीवंत कर दिया। पूरे आयोजन में राजस्थानी संस्कृति, महिला प्रतिभा और उत्सवधर्मिता का सुंदर समन्वय देखने को मिला। कार्यक्रम को सफल बनाने में संयोजिकाओं सरोज भरानी, मंजू चितलांगिया, अल्पना सोनी, कृष्णा लढ्ढा, मीनू लढ्ढा, सुनीता काबरा एवं राखी काबरा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संगठन की सांस्कृतिक मंत्री राजश्री सोमानी एवं संतोष चांडक, अध्यक्ष अलका बाहेती, मंत्री लक्ष्मी लढ्ढा एवं कोषाध्यक्ष प्रज्ञा बजाज सहित माहेश्वरी महिला संगठन की सभी सदस्याओं के प्रति आयोजन को सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त किया गया। |