चाईबासा में महेश नवमी उल्लासपूर्वक संपन्न, रक्तदान, वृक्षारोपण एवं विविध सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन

माहेश्वरी समाज, चाईबासा द्वारा माहेश नवमी का पावन पर्व धार्मिक श्रद्धा, सामाजिक सेवा एवं पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया। महोत्सव की शुरुआत महेश नवमी के उपलक्ष्य में आयोजित रक्तदान शिविर से हुई, जिसमें समाज के अनेक बंधुओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।

महेश नवमी के दिन प्रात: श्री जयप्रकाश मूंदड़ा के निवास पर भगवान महेश (भगवान शिव) का विधिवत अभिषेक, पूजन एवं आरती संपन्न हुई। पूजा-अर्चना के उपरांत समाज के सभी बंधुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

सायंकाल श्री राम मूंदड़ा के निवास पर भी भगवान शिव का अभिषेक एवं विशेष पूजन आयोजित किया गया, जिसमें समाजजनों ने बड़ी श्रद्धा एवं भक्ति के साथ सहभागिता निभाई।

महेश नवमी के अवसर पर गवर्नमेंट गल्र्स स्कृल में विद्यार्थियों के लिए चित्रकला (ड्रॉइंग) एवं वाद-विवाद (डिबेट) प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया। साथ ही सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप पेन वितरित किए गए तथा सभी विद्यार्थियों के बीच जूस का वितरण भी किया गया।

पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए समाज द्वारा वृक्षारोपण अभियान भी चलाया गया, जिसके अंतर्गत फलदार पौधे लगाए गए। समाज के सदस्यों ने इन पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का भी संकल्प लिया।

धार्मिक आस्था, सामाजिक सेवा, शिक्षा प्रोत्साहन एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे विविध आयामों से परिपूर्ण इस आयोजन ने माहेश नवमी पर्व को यादगार बना दिया तथा समाज की सेवा और संस्कारों की भावना को सशक्त रूप से अभिव्यक्त किया।


Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal