कोडरमा, झारखंड में महेश नवमी पर त्रिदिवसीय धार्मिक एवं सेवा कार्यक्रम संपन्न

माहेश्वरी समाज, कोडरमा द्वारा महेश नवमी के पावन अवसर पर 21 से 23 जून तक त्रिदिवसीय धार्मिक, सामाजिक एवं सेवा गतिविधियों का भव्य आयोजन किया गया। तीनों दिनों में आयोजित कार्यक्रमों में समाज के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सेवा, संस्कार एवं श्रद्धा का परिचय दिया।

कार्यक्रम के प्रथम दिन 21 जून को गौसेवा के अंतर्गत गौमाताओं को गुड़ के दलिया की सवामणी कराई गई तथा हरी घास खिलाकर गौसंरक्षण एवं सेवा का संदेश दिया गया।

22 जून को हनुमान मंदिर के समीप सर्वसमाज के लिए गुलाब शरबत वितरण का आयोजन किया गया। भीषण गर्मी के बीच बड़ी संख्या में लोगों ने शरबत ग्रहण कर इस सेवा कार्य का लाभ उठाया।

23 जून, महेश नवमी के दिन माहेश्वरी भवन में भगवान महेश (शिव) एवं माता पार्वती का विधिवत पूजन एवं हवन संपन्न हुआ। धार्मिक अनुष्ठान के पश्चात उपस्थित समाज बंधुओं ने प्रसाद ग्रहण कर महेश नवमी का पर्व श्रद्धा एवं भक्ति के साथ मनाया।

इसी दिन समाज द्वारा प्यार बांटते चलो अभियान के अंतर्गत दोपहर 1 बजे रेलवे स्टेशन परिसर में लगभग 200 जरूरतमंद लोगों को खीर, जलेबी, पूरी एवं सब्जी का भोजन कराकर मानव सेवा का प्रेरणादायी कार्य किया गया।

धार्मिक आस्था, गौसेवा, जनसेवा एवं सामाजिक सरोकारों से परिपूर्ण इस त्रिदिवसीय आयोजन ने महेश नवमी पर्व को समाज के लिए अविस्मरणीय बना दिया तथा सेवा ही सर्वोच्च धर्म है, इस संदेश को सार्थक रूप से जन-जन तक पहुंचाया।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal