| श्री माहेश्वरी सभा, चेन्नई द्वारा “शिवोहम महेश नवमी महामहोत्सव 2026” के अंतर्गत महेश छात्रवृत्ति का विराट आयोजन |
|
|
श्री माहेश्वरी सभा, चेन्नई द्वारा आयोजित “शिवोहम महेश नवमी महामहोत्सव 2026” के अंतर्गत मद्रास माहेश्वरी चैरिटेबल ट्रस्ट व माहेश्वरी फ़ूड बैंक चैरिटेबल ट्रस्ट के सहयोग से समाज सेवा एवं शिक्षा प्रोत्साहन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए महेश छात्रवृत्ति वितरण समारोह का भव्य आयोजन दिनांक 21 जून 2026, रविवार को डी. जी. वैष्णव कॉलेज, अरुम्बक्कम, चेन्नई में किया जाएगा। सभा अध्यक्ष श्री गौरीशंकर राठी ने बताया कि श्री माहेश्वरी सभा सदैव शिक्षा, संस्कार एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाती रही है। महेश छात्रवृत्ति कार्यक्रम का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सहयोग प्रदान करना है। शिवोहम चेयरमैन डॉ. अशोक जे. मूंधड़ा ने बताया कि शिवोहम महोत्सव के अंतर्गत आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम समाज की सेवा भावना एवं शिक्षा के प्रति समर्पण का एक उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को सहायता प्रदान करना केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण योगदान है। महेश छात्रवृत्ति समिति के चेयरमैन श्री अशोक लाखोटिया एव श्री जयप्रकाश मालपानी ने जानकारी देते हुए बताया कि चेन्नई के लगभग 17 विभिन्न विद्यालयों के आर्थिक रूप से कमजोर (EWS) वर्ग के छात्र-छात्राओं को इस अवसर पर छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त सभी चयनित विद्यार्थियों को स्कूल बैग, नोटबुक, स्टेशनरी एवं अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री सहित पूर्ण शिक्षा किट भी प्रदान की जाएगी, जिससे उनकी शैक्षणिक आवश्यकताओं की पूर्ति हो सके। सभा के सचिव श्री संजय मूंदड़ा ने बताया कि इस गरिमामयी समारोह के मुख्य अतिथि अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महासभा के सभापति आदरणीय श्री संदीप जी काबरा होंगे। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक एवं औद्योगिक क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों की भी विशेष उपस्थिति रहेगी। यह कार्यक्रम न केवल विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा, बल्कि समाज की शिक्षा एवं सेवा के प्रति प्रतिबद्धता का भी सशक्त संदेश देगा। श्री माहेश्वरी सभा, चेन्नई ने समाज के सभी सदस्यों, शिक्षाविदों, दानदाताओं एवं शुभचिंतकों से इस प्रेरणादायी कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने का आग्रह किया है! |