श्री माहेश्वरी सेवा समिति श्रीगंगानगर द्वारा तपोवन महिला आश्रम में कराया भोजन प्रसाद

महेश नवमी के पावन पर्व के उपलक्ष्य में श्री माहेश्वरी सेवा समिति श्रीगंगानगर द्वारा आयोजित साप्ताहिक कार्यक्रमों का शुभारंभ सेवा कार्यों के साथ किया गया। प्रथम दिवस समिति की ओर से तपोवन महिला आश्रम में दोपहर के भोजन प्रसाद का आयोजन कर वहां निवासरत महिलाओं को स्नेहपूर्वक भोजन परोसा गया।

इस अवसर पर उत्तरी राजस्थान प्रादेशिक माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष मनोज चितलांगिया, श्री माहेश्वरी सेवा समिति के अध्यक्ष महेश नढ़ानी, सचिव डॉ. अजीत सोमानी, उपाध्यक्ष श्याम करवा, संगठन एवं प्रचार मंत्री राजेश कुमार चांडक, देवराज मोहता सहित अनेक समाजबंधु उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों ने स्वयं महिलाओं को भोजन परोसकर उनका कुशलक्षेम जाना और आत्मीय संवाद भी किया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि महेश नवमी केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि सेवा, संस्कार और सामाजिक समरसता का संदेश देने वाला महोत्सव है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह जरूरतमंद एवं वंचित वर्ग के प्रति अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करे। ऐसे सेवा कार्य समाज में सकारात्मक सोच और मानवीय मूल्यों को सुदृढ़ करते हैं।

तपोवन ट्रस्ट के अध्यक्ष महेश पेड़ीवाल ने श्री माहेश्वरी सेवा समिति की सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में अपनत्व, सहयोग और सम्मान की भावना को और अधिक मजबूत बनाते हैं। उन्होंने समिति के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार भी व्यक्त किया।

कार्यक्रम के दौरान ट्रस्ट के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने समिति का धन्यवाद ज्ञापित किया। पूरा वातावरण सेवा, समर्पण और आत्मीयता से ओत-प्रोत रहा। समिति पदाधिकारियों ने बताया कि महेश नवमी सप्ताह के दौरान आगे भी धार्मिक, सामाजिक एवं जनसेवा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उपस्थित समाजबंधुओं ने भी इस पहल की सराहना करते हुए ऐसे सेवा कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।


Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal