महेश नवमी उत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में, समीक्षा बैठक में व्यवस्थाओं पर हुई विस्तृत चर्चा
बीकानेर। माहेश्वरी समाज के उत्पत्ति दिवस महेश नवमी पर्व-2026 के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर श्रीकृष्ण माहेश्वरी मण्डल की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता मण्डल अध्यक्ष सत्यनारायण राठी ने की, जबकि मीडिया प्रभारी शिव प्रसाद राठी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष भी महेश नवमी पर्व पूरे उत्साह, श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाया जाएगा।
बैठक में बताया गया कि 23 जून 2026 को बीकानेर की समस्त माहेश्वरी संस्थाओं एवं समाजजनों की सहभागिता से वार्षिक उत्सव आयोजित होगा। कार्यक्रम के दौरान नए सदस्यों के पंजीकरण एवं पुराने सदस्यों के नवीनीकरण के लिए विशेष काउंटर भी स्थापित किए जाएंगे।
मण्डल मंत्री सुशील करनानी ने बताया कि प्रातः 9 बजे मरूनायक मोहता चौक स्थित मण्डल कार्यालय में भगवान महेश की पूजा-अर्चना से कार्यक्रमों का शुभारंभ होगा। इसके बाद मरूनायक मंदिर में कलम, दवात एवं तराजू का पूजन तथा विश्वकर्मा गेट के बाहर स्थित बिन्नाणी बगेची में भगवान शिव का अभिषेक एवं आरती आयोजित की जाएगी।
उपाध्यक्ष किशन चांडक एवं बसंत चांडक ने बताया कि सायं 5:15 बजे महेश भवन, डागा चौक से विशाल शोभायात्रा निकलेगी, जिसमें विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक झांकियां शामिल रहेंगी। शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई गजनेर रोड स्थित लक्ष्मी हैरिटेज पहुंचेगी, जहां रात्रि 8 से 10 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं सामूहिक महाप्रसाद का आयोजन होगा।
मण्डल अध्यक्ष ने बताया कि कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए गठित समितियों द्वारा अधिकांश तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। समाज की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए डोर-टू-डोर संपर्क अभियान के साथ सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार भी जारी है।
मीडिया प्रभारी के अनुसार आयोजन की व्यवस्थाओं में सत्यनारायण राठी, सुशील करनानी, किशन चांडक, बसंत चांडक, विजय कुमार मूंधड़ा, यश कोठारी, आयुष लखाणी, पवन कुमार राठी एवं सुरेन्द्र तोषनीवाल सहित अनेक कार्यकर्ताओं का विशेष सहयोग मिल रहा है।
उपमंत्री एवं सामाजिक संवाददाता पवन कुमार राठी ने बताया कि महेश नवमी पूर्व कार्यक्रमों के अंतर्गत 18 से 20 जून तक महेश भवन, डागा चौक में डॉ. निशा दुजारी के निर्देशन में चिकित्सा एवं मेडिटेशन योग विषयक तीन दिवसीय शिविर आयोजित होगा। वहीं 21 जून को मोहता जसवंत भवन में माहेश्वरी सभा (शहर इकाई) द्वारा विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसके समन्वयक आज्ञाराम पेड़िवाल तथा सह-समन्वयक बॉबी चांडक एवं पंकज भूतड़ा होंगे। समाजबंधुओं से इन सेवा कार्यों में अधिकाधिक सहभागिता का आह्वान किया गया है।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal