भीलवाड़ा में नारी शक्ति उत्कर्ष उत्सव का आयोजन सम्पन्न

आर.के.आर.सी. महिला संगठन भीलवाड़ा द्वारा 3 अप्रैल 2026 को आर.के.आर.सी. महेश सेवा संस्थान में नारी उत्कर्ष शुभारम्भ कार्यक्रम अत्यंत उत्साह, उल्लास एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन की अध्यक्षा श्रीमती पल्लवी लड्ढा ने की, जिन्होंने वर्ष 2026-2029 की नई कार्यकारिणी की घोषणा करते हुए सचिव पद पर रंजना बिड़ला, कोषाध्यक्ष पद पर सुमित्रा दरगड एवं संगठन मंत्री के रूप में आशा दरगड को निर्वाचित घोषित किया। इस अवसर पर धार्मिक अंताक्षरी का विशेष आयोजन किया गया, जो सुंदरकांड की चौपाइयों पर आधारित था और सभी प्रतिभागियों ने इसमें उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिभा प्रदर्शन भी आयोजित किया गया, जिसमें मेवाड़ी धार्मिक कहानियां, मेवाड़ी गीत, कविता पाठ एवं भजन प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। इस प्रतियोगिता में लगभग 40 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिन्हें उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पारितोषिक प्रदान किए गए। इस गरिमामय अवसर पर संगठन की पूर्व अध्यक्षों लाड देवी लड्ढा, वंदना नुवाल, इंद्रा हेडा तथा वरिष्ठ सदस्य स्नेहलता तोषनीवाल, निवर्तमान अध्यक्षा चेतन जागेटिया एवं निवर्तमान सचिव मीनू झंवर का मोमेंटो देकर विशेष सम्मान किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिखा भदादा एवं रीना डाड की उपस्थिति रही। मंच संचालन विनीता नुवाल द्वारा प्रभावी ढंग से किया गया। इस भव्य आयोजन में लगभग 180 महिलाओं ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराकर कार्यक्रम को सफल बनाया। यह आयोजन नारी शक्ति, प्रतिभा और सांस्कृतिक समृद्धि का प्रेरणादायक उदाहरण रहा। 

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal