| भामाशाह गोपाल चांडक के सहयोग से बहुउद्देशीय पशु चिकित्सालय की सौगात |
|
|
फलौदी क्षेत्र में पशु चिकित्सा सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए राजकीय बहुउद्देशीय पशु चिकित्सालय का भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह चिकित्सालय भामाशाह गोपाल चांडक द्वारा 2.5 करोड़ रुपए के सहयोग से निर्मित किया जाएगा, जो क्षेत्र के पशुपालकों के लिए बड़ी सौगात साबित होगा। यह परियोजना न केवल क्षेत्र में पशु चिकित्सा सेवाओं को मजबूत करेगी, बल्कि समाज सेवा और मातृभूमि के प्रति समर्पण का प्रेरक उदाहरण भी बनेगी। कार्यक्रम में भामाशाह गोपाल चांडक एवं उनके परिजनों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य की नींव रखी। इस अवसर पर पब्बाराम विश्नोई, अंकित कुमार सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने इस पुनीत कार्य के लिए चांडक परिवार की सराहना की। विधायक पब्बाराम विश्नोई ने अपने संबोधन में कहा कि आज के दौर में जहां अधिकांश लोग विदेश जाकर अपना भविष्य संवारने में लगे हैं, वहीं कुछ लोग अपनी मातृभूमि और समाज के लिए समर्पित होकर कार्य करते हैं। उन्होंने श्रीमती विनती चांडक एवं गोपाल चांडक को प्रेरणादायी व्यक्तित्व बताते हुए गौसेवा के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की। जिला कलक्टर अंकित कुमार सिंह ने कहा कि यह योगदान आने वाली पीढिय़ों तक याद रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि इस चिकित्सालय के निर्माण से क्षेत्र के पशुओं को आधुनिक और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे पशुपालकों को काफी राहत मिलेगी। पशुपालन विभाग के उप निदेशक डॉ. भागीरथ सोनी ने जानकारी दी कि जिला मुख्यालय के आसपास लगभग 150 किलोमीटर के दायरे में इस प्रकार की आधुनिक सुविधा उपलब्ध नहीं है। यह बहुउद्देशीय चिकित्सालय जिलास्तरीय सुविधाओं से युक्त होगा, जिसमें उन्नत उपचार, जांच और देखभाल की व्यवस्था रहेगी। कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी पूजा चौधरी, सर्किल इंस्पेक्टर रामेश्वर लाल, बाप प्रधान रतन सिंह, पूर्व प्रधान अभिषेक भादू सहित कई गणमान्य नागरिक एवं पशुपालन विभाग के अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। |