श्री महेश नवयुवक मंडल, इचलकरंजी की 'संकल्प यात्रा' द्वारा समाज में संस्कार जागरण

श्री महेश सेवा समिति अंतर्गत श्री महेश नवयुवक मंडल, इचलकरंजी द्वारा वर्ष 2026 में समाज में सकारात्मक आदतों और संस्कारों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 'संकल्प यात्रा' नामक अभिनव पहल प्रारंभ की गई है।

इस संकल्प यात्रा के अंतर्गत पूरे वर्ष के लिए 12 महीनों में 12 संकल्प निर्धारित किए गए हैं, जिनका उद्देश्य समाज में छोटे-छोटे व्यवहारिक परिवर्तन लाकर व्यक्तिगत, पारिवारिक और सामाजिक जीवन में सकारात्मक वातावरण का निर्माण करना है।

इसी श्रृंखला में मार्च 2026 का संकल्प 'हरिनाम संबोधन' रखा गया है। इसके अंतर्गत सभी से निवेदन किया गया है कि वे फोन उठाते समय, घर से निकलते समय, किसी से मिलते समय या विदा लेते समय ईश्वर के नाम से संबोधन करें, जैसे राम-राम, जय श्री कृष्ण, नारायण-नारायण, जय श्री राम आदि। इस छोटे से अभ्यास के माध्यम से संवाद में सकारात्मकता, नम्रता और आध्यात्मिकता का समावेश करने का संदेश दिया जा रहा है।

इस संकल्प को समाज में व्यापक रूप से पहुँचाने के लिए मंडल के पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य इचलकरंजी की विभिन्न सामाजिक, व्यावसायिक एवं सेवा संस्थाओं जैसे - महाराष्ट्र प्रदेश माहेश्वरी युवा संगठन, कोल्हापुर जिला माहेश्वरी युवा संगठन, माहेश्वरी महिला मंडल, लायन्स क्लब, रोटरी क्लब, मारवाड़ी युवा मंच, माय यूथ फाउंडेशन आदि संगठनों से मिलकर इस संकल्प पत्र को साझा कर रहे हैं तथा उनसे भी इस संकल्प को अपनाने का निवेदन कर रहे हैं।

मंडल के अध्यक्ष श्री अखिल अशोक कुमार बाहेती एवं सचिव श्री अक्षय अजय जाखोटया के मार्गदर्शन में संपूर्ण कार्यकारिणी इस संकल्प को स्वयं अपनाते हुए समाज में इसके प्रसार का कार्य कर रही है। मंडल का विश्वास है कि ऐसे छोटे-छोटे संस्कारपूर्ण व्यवहार समाज में सकारात्मकता, अपनापन और आध्यात्मिक वातावरण को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। श्री महेश नवयुवक मंडल ने समाज के सभी बंधुओं से इस 'संकल्प यात्रा' में सहभागी बनने और अपने जीवन में इन संकल्पों को अपनाने का आह्वान किया है।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal