माहेश्वरी मंडल वर्धा का रंगोत्सव हर्षोल्लास से संपन्न

माहेश्वरी मंडल वर्धा द्वारा रंगोत्सव के अवसर पर आयोजित हास्य कवि सम्मेलन हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में देश के विभिन्न क्षेत्रों से पधारे कवियों ने अपनी उत्कृृष्ट प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत मोहोपाड़ा (रायगढ़) से पधारी श्रृंगार रस की कवयित्री नीलम सोमानी द्वारा मां शारदा की वंदना से हुई। उनकी सहज, सरल एवं भावपूर्ण कविताओं ने श्रोताओं, विशेषकर महिलाओं का मन मोह लिया। उन्होंने अपने काव्य के माध्यम से रिश्तों की महत्ता, दुआओं की शक्ति तथा गांव से भी सपनों की उड़ान संभव होने का संदेश दिया। 

इसके पश्चात अकोला से पधारे कृष्णकुमार शर्मा ने अपने व्यंग्य और कटाक्षों के माध्यम से समसामयिक विषयों और राजनीतिक परिस्थितियों पर हास्यपूर्ण प्रस्तुति दी। उन्होंने माहेश्वरी मंडल वर्धा द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम को 'बारूद पर कविता की जीतÓ बताते हुए समाज की सांस्कृतिक चेतना की सराहना की।

भोपाल से पधारे आकाशवाणी उद्घोषक अनूप कुमार धामने ने गीत, गजल और मुक्तकों के माध्यम से आधुनिक जीवन शैली, मोबाइल संस्कृति और बचपन की यादों को भावपूर्ण अंदाज में प्रस्तुत किया। 

कवि सम्मेलन के समापन पर भोपाल से पधारे सुप्रसिद्ध मंच संचालक एवं हास्य कवि धर्मेंद्र सोलंकी ने अपनी हास्य-व्यंग्य रचनाओं से श्रोताओं को ठहाकों से भर दिया। देशभक्ति, पारिवारिक जीवन और सामाजिक विषयों पर उनकी प्रस्तुतियों को श्रोताओं ने खूब सराहा। 

कार्यक्रम का संचालन माहेश्वरी मंडल वर्धा के समन्वयक एवं कवि सम्मेलन के संयोजक राजकुुमार जाजू ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन सचिव धर्मेंद्र मूंधड़ा ने किया।

इस अवसर पर सभी अतिथि कवियों का स्वागत विभिन्न मंडलों के अध्यक्षों द्वारा किया गया तथा स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में आयोजित चित्र पहेली प्रतियोगिता की विजेता कुमारी कृष्णा मनीष राठी को कवियों द्वारा पुरस्कृत किया गया।

रंगोत्सव के अवसर पर समाज के जिन परिवारों में इस वर्ष नवजात शिशुओं का आगमन हुआ, उन्हें उनके घर जाकर बधाई भी दी गई। धूलिवंदन के दिन श्रीनाथजी मंदिर से समाजजन रंगोत्सव मनाते हुए एक-दूसरे के घर पहुंचे।

कार्यक्रम की सफलता में माहेश्वरी मंडल वर्धा के अध्यक्ष विजय राठी, नवयुवक मंडल अध्यक्ष राहुल राठी, महिला मंडल अध्यक्षा ललिता राठी, नवयुवती मंडल अध्यक्षा कुमारी उमा चांडक सहित मंडल के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का विशेष सहयोग रहा।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal