| जोरहाट में पूर्वोत्तर माहेश्वरी सभा का निर्वाचन संपन्न |
|
|
पूर्वोत्तर माहेश्वरी सभा के दशम सत्र की प्रथम कार्यसमिति एवं कार्यमंडल बैठक तथा सत्र 2026-29 के निर्वाचन का आयोजन जोरहाट माहेश्वरी सभा के आतिथ्य में श्री मारवाड़ी ठाकुरबाड़ी स्थित माहेश्वरी भवन में संपन्न हुआ। निर्वाचन में पूर्वोत्तर क्षेत्र की विभिन्न शाखाओं से 200 से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं महेश वंदना के साथ हुआ। संयुक्त बैठक की अध्यक्षता निवर्तमान अध्यक्ष श्री बासु दम्माणी ने की। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान किए गए सामाजिक एवं संगठनात्मक कार्यों की जानकारी प्रस्तुत करते हुए सभी शाखाओं एवं समाजबंधुओं के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उनके कार्यकाल की पूर्णता पर उपस्थित समाजबंधुओं ने उनके योगदान की सराहना की। बैठक में गत कार्यवाही सह मंत्री श्री मदन गोपाल बिहानी ने प्रस्तुत की। वर्ष 2023-26 का मंत्री प्रतिवेदन सदन के समक्ष रखा गया। कोषाध्यक्ष श्री जुगल किशोर डागा ने आय-व्यय का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया, जिसे सदन ने अनुमोदित किया। इसके बाद चुनाव अधिकारियों ने सत्र 2026-29 के लिए नई कार्यकारिणी की घोषणा की। श्री जुगल किशोर डागा (तेजपुर) अध्यक्ष, श्री मानिक लाल दम्माणी (नॉर्थ लखीमपुर) उपाध्यक्ष, श्री मदन गोपाल बिहानी (जोरहाट) मंत्री, श्री महावीर चांडक (गुवाहाटी) सह मंत्री तथा श्री नंदकिशोर राठी (नॉर्थ लखीमपुर) कोषाध्यक्ष निर्वाचित हुए। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का निवर्तमान अध्यक्ष श्री बासु दम्माणी ने अभिनंदन किया। विभिन्न शाखाओं से आए प्रतिनिधियों एवं समाजबंधुओं ने नई टीम को बधाई देते हुए सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर तीन संतान वाले दंपतियों का सम्मान किया गया। इसके माध्यम से परिवार एवं सामाजिक मूल्यों को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया। साथ ही विभिन्न शाखाओं द्वारा किए गए सामाजिक एवं संगठनात्मक कार्यों की सराहना की गई। नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्री जुगल किशोर डागा ने अपने संबोधन में माहेश्वरी समाज के मूलमंत्र सेवा, त्याग और सदाचार को केंद्र में रखकर संगठन को नई दिशा देने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने महिला सशक्तिकरण एवं युवा विकास पर विशेष ध्यान देने तथा समाज के राष्ट्रीय प्रकल्पों की जानकारी अधिक से अधिक समाजबंधुओं तक पहुंचाने पर जोर दिया। आवश्यकता के अनुसार नई समितियों के गठन की भी बात कही। उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर की छोटी शाखाओं में कार्यसमिति एवं कार्यमंडल की बैठकें आयोजित की जानी चाहिए, जिससे इन शाखाओं का संगठन से सीधा और मजबूत जुड़ाव हो। समाज के अंतिम व्यक्ति तक संगठन की पहुंच बनाना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में रहेगा। नवनिर्वाचित मंत्री श्री मदन गोपाल बिहानी ने समाजबंधुओं से निरंतर सहयोग एवं मार्गदर्शन की अपेक्षा व्यक्त करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से पूर्वोत्तर में संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति दी जा सकती है। नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्री जुगल किशोर डागा लंबे समय से सामाजिक एवं व्यावसायिक संस्थाओं से जुड़े रहे हैं। वे लायंस क्लब, मारवाड़ी सम्मेलन एवं चैंबर ऑफ कॉमर्स सहित विभिन्न संस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं। वर्तमान में वे अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महासभा की राष्ट्रीय कार्यसमिति के सदस्य भी हैं। उनके व्यापक सामाजिक अनुभव एवं संगठनात्मक क्षमता से पूर्वोत्तर माहेश्वरी सभा को नई दिशा और गति मिलने की उम्मीद है। उपाध्यक्ष श्री मानिक लाल दम्माणी लखीमपुर क्षेत्र में सामाजिक रूप से सक्रिय रहे हैं। वे मारवाड़ी समाज, लायंस क्लब सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं से जुड़े हुए हैं।
मंत्री श्री मदन गोपाल बिहानी पूर्व कार्यकाल में सह मंत्री के रूप में सभा की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं। उनके अनुभव का लाभ अब मंत्री के रूप में सभा को मिलने की उम्मीद है। सह मंत्री श्री महावीर चांडक युवा एवं सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय नेतृत्व के रूप में पहचान रखते हैं। वे विभिन्न सामाजिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़े रहे हैं तथा वर्तमान में अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी युवा संगठन के पूर्वांचल क्षेत्र के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। उनके युवा संपर्क एवं संगठनात्मक सक्रियता से सभा की गतिविधियों को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद है। कोषाध्यक्ष श्री नंदकिशोर राठी सामाजिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं। वित्तीय एवं संगठनात्मक कार्यों के अनुभव के कारण नई कार्यकारिणी में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी। इसी क्रम में श्री अरविंद दम्माणी का पूर्वोत्तर प्रादेशिक माहेश्वरी युवा संगठन के अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ। नागालैंड में सामाजिक एवं सार्वजनिक जीवन में सक्रिय श्री दम्माणी के नेतृत्व में युवा संगठन को नई ऊर्जा और दिशा मिलने की उम्मीद है। निर्वाचन प्रक्रिया में राष्ट्रीय स्तर से पूर्वांचल के चुनाव अधिकारी श्री सुशील कलानी तथा प्रदेश की ओर से चुनाव अधिकारी श्री नेमचंद करनानी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दोनों चुनाव अधिकारियों ने निर्वाचन प्रक्रिया को व्यवस्थित एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न करवाते हुए नवनिर्वाचित पदाधिकारियों की घोषणा की। बैठक में विभिन्न शाखाओं के सामाजिक एवं संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा भी की गई। आयोजन के सफल संचालन के लिए जोरहाट माहेश्वरी सभा तथा आयोजन से जुड़े सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का समापन नवनिर्वाचित सह मंत्री श्री महावीर चांडक के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
|
|
| 13 August 2026 |
| जोरहाट में पूर्वोत्तर माहेश्वरी सभा का निर्वाचन संपन्न |
|
| 13 August 2026 |
| भ्रष्टाचार की दीमक से खोखला होता विकास - मधु भूतड़ा 'अक्षरा' |