| विश्व प्रसिद्ध कथावाचक पं. प्रदीप मिश्रा सीहोर ने किया डॉ. रूपाली सोनी का सम्मान |
|
|
सरस्वती डांस कला केंद्र सीहोर की निदेशक एवं प्रसिद्ध कथक नृत्यांगना डॉ. रूपाली सोनी को कला एवं नृत्य के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए अग्रसोच सोशल फाउंडेशन द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में अग्रसोच भविष्य ज्योति सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान विश्व प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक पंडित श्री प्रदीप मिश्रा के करकमलों से प्रदान किया गया। इस अवसर पर सीहोर के वरिष्ठ समाजसेवी श्री अखिलेश राय एवं श्रीमती अरुणा राय भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि हाल ही में डॉ. रूपाली सोनी को हैदराबाद में आयोजित समारोह में अभिनेत्री जयाप्रदा द्वारा ग्लोबल लीडरशिप अवार्ड-2026 से भी सम्मानित किया गया था। उनकी इस उपलब्धि पर नगर एवं समाज में हर्ष का वातावरण है। इसी क्रम में महेश जयंती महोत्सव-2026 के दौरान भी माहेश्वरी समाज, सीहोर द्वारा डॉ. रूपाली सोनी को मुख्य अतिथियों के करकमलों से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उन्होंने समाज एवं आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान सरस्वती कथक डांस कला केंद्र, सीहोर की छात्राओं ने आयोजकों के आग्रह पर दो मनमोहक समूह नृत्यों की प्रस्तुति देकर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। उनकी आकर्षक प्रस्तुति को अतिथियों, दर्शकों एवं आयोजकों ने खूब सराहा। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागी छात्राओं को शील्ड एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह में उपस्थित अतिथियों ने डॉ. रूपाली सोनी द्वारा भारतीय शास्त्रीय नृत्य एवं संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन में दिए जा रहे योगदान की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. रूपाली सोनी ने कहा, गुरुदेव का आशीर्वाद सदैव इसी प्रकार मिलता रहे। मैं गुरुदेव, सभी अतिथियों, आयोजकों एवं संस्था की हृदय से आभारी हूँ। यह सम्मान मुझे कला और संस्कृति के क्षेत्र में और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शहर के गणमान्य नागरिक, समाजजन, कला प्रेमी, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। |