| रामजी दास मोदानी फाउंडेशन के एचपीवी टीकाकरण शिविर में 41 लाभार्थियों का हुआ टीकाकरण |
|
|
रामजी दास मोदानी फाउंडेशन, जयपुर द्वारा महिलाओं एवं युवाओं को सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर से बचाव के उद्देश्य से एचपीवी (Human Papillomavirus) टीकाकरण अभियान के अंतर्गत 19 जुलाई 2026 को रौलेी हॉस्पिटल में एक विशेष टीकाकरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर प्रात: 8:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक संचालित हुआ। फाउंडेशन के अध्यक्ष सत्यनारायण मोदानी ने बताया कि शिविर में 9 से 26 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं एवं युवतियों के साथ-साथ पात्र बालकों को भी एचपीवी के टीके लगाए गए। शिविर में कुल 41 लाभार्थियों का टीकाकरण किया गया। इस दौरान Cervavac Serum, Gardasil-4 (MSD)) तथा Gardasil-9 (MSD Imported) के टीके रियायती दरों पर उपलब्ध कराए गए। उन्होंने बताया कि एचपीवी संक्रमण लड़कियों और लड़कों दोनों के लिए गंभीर स्वास्थ्य जोखिम पैदा कर सकता है। यह संक्रमण विशेष रूप से महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण माना जाता है। इसलिए बच्चों एवं युवाओं को समय पर एचपीवी टीका लगवाकर इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित किया जा सकता है। भारत में सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में मृत्यु के प्रमुख कारणों में से एक है, जबकि एचपीवी संक्रमण दुनिया भर में व्यापक रूप से पाया जाता है। फाउंडेशन द्वारा आयोजित यह 13वाँ एचपीवी टीकाकरण शिविर था। संस्था प्रत्येक माह इस प्रकार के जनजागरूकता एवं टीकाकरण शिविर आयोजित कर रही है। शिविर के सफल संचालन में राज के. सोमानी, राजेन्द्र तिवाड़ी, लक्ष्मीनारायण मोदानी, सुगंधा लढ़्ढा, संजना मल्होत्रा, निर्मिला राठी एवं शिवरतन मोहता सहित अनेक सहयोगियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। रौली हॉस्पिटल के मार्केटिंग मैनेजर एवं मेडिकल स्टाफ ने भी शिविर को सफल बनाने में पूर्ण सहयोग प्रदान किया। फाउंडेशन ने बताया कि अगला एचपीवी टीकाकरण शिविर अगस्त माह में भगवान महावीर कैंसर हॉस्पिटल, जयपुर में आयोजित किया जाएगा, जिसमें अधिक से अधिक लोगों से भाग लेकर इस जनस्वास्थ्य अभियान को सफल बनाने की अपील की गई।
|