| रांची में पांच दिवसीय महेश नवमी महोत्सव 2026 धूमधाम से संपन्न |
|
|
रांची माहेश्वरी सभा, महिला समिति एवं युवा संगठन के संयुक्त तत्वावधान में महेश नवमी के पावन अवसर पर पांच दिवसीय महेश नवमी महोत्सव-2026 का भव्य आयोजन किया गया। महोत्सव में समाज के सभी आयु वर्गों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही तथा धार्मिक, सामाजिक, सेवा एवं सांस्कृृतिक कार्यक्रमों की शानदार श्रृंखला आयोजित की गई। 21 जून से प्रारंभ हुए महोत्सव के प्रथम दिन युवाओं के लिए स्कूटोथन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसके पश्चात आयोजित रक्तदान शिविर में समाज के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए 142 यूनिट रक्तदान किया। शिविर में 8 महिला सदस्यों ने भी रक्तदान किया, जबकि 3 युवाओं ने पहली बार रक्तदान कर समाज सेवा का प्रेरणादायी संदेश दिया। इसी अवसर पर नि:शुल्क नेत्र एवं स्वास्थ्य जांच शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया।
पांच दिवसीय महोत्सव के दौरान कैरम, शतरंज, सुडोकू, 1 मिनट प्रतियोगिता, फनांताक्षरी, खाने का स्वाद, सास-बहू के साथ, फैमिली हंगामा नाइट तथा नन्हे सुपर स्टार सहित अनेक मनोरंजक एवं उद्देश्यपूर्ण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में समाज के बच्चों, युवाओं, महिलाओं एवं वरिष्ठजनों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ सहभागिता निभाई। 23 जून को महेश नवमी के पावन अवसर पर भव्य प्रभात फेरी एवं भगवान शिव का अभिषेक श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण में संपन्न हुआ। समाजजनों ने भगवान महेश की आराधना कर समाज की सुख-समृद्धि एवं मंगलकामना की। महोत्सव का समापन 28 जून को गरिमामय समारोह के साथ हुआ। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठ सदस्यों का सम्मान, ओजस्वी एवं तेजस्वी विद्यार्थियों का पुरस्कार वितरण तथा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में भगवान शिव के आदियोगी स्वरूप पर आधारित ग्लोरी टू के थीम विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जिसने उपस्थित समाजजनों की भरपूर सराहना प्राप्त की। समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले सभी कलाकारों का सम्मान किया गया। अंत में समाज के सभी सदस्यों ने सामूहिक सहभोज में प्रसाद ग्रहण कर महोत्सव का आनंद लिया। धार्मिक आस्था, सामाजिक सेवा, पारिवारिक सहभागिता एवं सांस्कृतिक समरसता से परिपूर्ण यह पांच दिवसीय महोत्सव समाज की एकता और संगठन का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर संपन्न हुआ।
|