वाराणसी में साइबर अपराध के खिलाफ जागरूकता सेमिनार आयोजित

डिजिटल युग में तेजी से बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से माहेश्वरी परिषद एवं HDFC Bank के संयुक्त तत्वावधान में 24 मई 2026 को माहेश्वरी भवन, वाराणसी में एक विशेष साइबर जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रबुद्धजनों एवं समाजबंधुओं ने भाग लेकर साइबर ठगी से बचाव के महत्वपूर्ण उपायों की जानकारी प्राप्त की।

सेमिनार में नगर के प्रख्यात चिकित्सक डॉ. वेणुगोपाल झंवर ने साइबर अपराध के मनोवैज्ञानिक पहलुओं पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि साइबर क्राइम आज एक ऐसी मानसिक बीमारी का रूप ले चुका है, जो धीरे-धीरे समाज में अपनी पकड़ मजबूत कर रही है। उन्होंने कहा कि छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी इसके प्रभाव में आ रहे हैं, इसलिए मानसिक रूप से सतर्क रहना अत्यंत आवश्यक है।

कार्यक्रम में उपस्थित HDFC Bank के अधिकारियों ने साइबर अपराध से जुड़े अपने अनुभव साझा किए तथा डिजिटल सुरक्षा से संबंधित कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। बैंक प्रबंधन की ओर से साइबर सुरक्षा पर आधारित एक विशेष अवेयरनेस वीडियो भी प्रदर्शित किया गया।

सेमिनार के मुख्य वक्ता एसीपी साइबर क्राइम विदुष सक्सेना ने साइबर अपराधों के चौंकाने वाले आंकड़े प्रस्तुत करते हुए बताया कि केवल वाराणसी क्षेत्र में ही अब तक लगभग 100 करोड़ से अधिक की साइबर ठगी हो चुकी है, जबकि देशभर में यह आंकड़ा हजारों करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाए तो वह भयभीत होने या घटना छिपाने के बजाय तुरंत पुलिस अथवा अपने परिजनों को सूचना दे। समय रहते सूचना मिलने पर ठगी गई राशि को ब्लॉक करने अथवा वापस प्राप्त करने की संभावना काफी बढ़ जाती है।

उन्होंने लोगों को फर्जी मोबाइल एप्लीकेशनों से भी सावधान रहने की सलाह दी, जो प्ले स्टोर अथवा अन्य माध्यमों से डाउनलोड होकर लोगों का निजी डेटा चोरी कर रहे हैं। एसीपी सक्सेना ने विशेष रूप से चेतावनी देते हुए कहा कि बिना पूरी जानकारी और पहचान सुनिश्चित किए कभी भी अपना ओटीपी किसी के साथ साझा नहीं करना चाहिए।

सेमिनार के दौरान आयोजित प्रश्नोत्तर सत्र में प्रफुल्ल सोमानी, गौरीशंकर नेवर, ज्योति माहेश्वरी, पवन दूत, कृष्ण कुमार सोमानी, प्रशांत लखोटिया एवं लोकेंद्र करवा सहित कई उपस्थितजनों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े व्यावहारिक प्रश्न पूछे, जिनका समाधान एसीपी विदुष सक्सेना एवं बैंक अधिकारियों द्वारा सरल एवं प्रभावी ढंग से किया गया।

कार्यक्रम का कुशल संचालन राकेश कचोलिया ने किया। अंत में कृष्ण कुमार काबरा ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया। इस आयोजन को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने में बृजेश माहेश्वरी, किशोर मूंदड़ा एवं राजेश बाहेती का विशेष सहयोग रहा। माहेश्वरी परिषद के अध्यक्ष दीपक दुजारी ने सभी प्रतिभागियों एवं सहयोगकर्ताओं का धन्यवाद ज्ञापित किया।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal