| माहेश्वरी शिरोमणि सम्मान समारोह” का भव्य आयोजन, श्रेष्ठ विभूतियों का हुआ अभिनंदन |
|
|
दक्षिणी राजस्थान प्रादेशिक माहेश्वरी सभा, भीलवाड़ा जिला माहेश्वरी सभा एवं श्रीनगर माहेश्वरी सभा भीलवाड़ा के संयुक्त तत्वावधान में रामेश्वरम् भवन, हरणी महादेव रोड पर आयोजित “माहेश्वरी शिरोमणि सम्मान समारोह” भव्य, गरिमामय और प्रेरणादायी वातावरण में सम्पन्न हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि राजस्थान सरकार के उद्योग मंत्री के. के. विश्नोई थे तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महासभा के सभापति संदीप काबरा ने की। विशिष्ट अतिथियों में सांसद दामोदर अग्रवाल, भीलवाड़ा शहर विधायक अशोक कोठारी, उदयलाल भड़ाणा, पूर्व मंत्री रामलाल जाट, पूर्व सांसद सुभाष बहेड़िया, राजकुमार काल्या, ममता मोदानी, श्रीकांत बाल्दी और रमाकांत बाल्दी सहित कई गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान महेश के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मंगलाचरण, राष्ट्रगीत और स्वागत गीत के पश्चात अतिथियों का पारंपरिक साफा एवं दुपट्टा ओढ़ाकर अभिनंदन किया गया। स्वागत उद्बोधन जिला अध्यक्ष अशोक बाहेती ने दिया। इस अवसर पर पद्मश्री से सम्मानित एवं अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महासभा द्वारा “समाज रत्न” से अलंकृत उद्योगपति सत्यनारायण नुवाल का समाज की ओर से अभिनंदन किया गया। वक्ताओं ने उनके औद्योगिक नवाचार, सामाजिक सरोकारों और राष्ट्र निर्माण में योगदान को प्रेरणादायी बताया। अपने उद्बोधन में श्री नुवाल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने 15 हजार कर्मचारियों को देते हुए कहा कि सच्ची लगन और परिश्रम से असफलता में से भी सफलता प्राप्त की जा सकती है। इसी प्रकार राष्ट्रीय स्तर पर अटल अवार्ड से सम्मानित उद्योगपति एवं पूर्व सभापति रामपाल सोनी का भी अभिनंदन किया गया। वक्ताओं ने उनके नेतृत्व, संगठन क्षमता तथा शिक्षा, चिकित्सा और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में किए गए कार्यों की सराहना की। पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए पर्यावरणविद् बाबूलाल जाजू को समाज गौरव सम्मान प्रदान कर सम्मानित किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में वृक्षारोपण, जल संरक्षण और प्रकृति रक्षा का संदेश देते हुए युवाओं से पर्यावरण के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि के. के. विश्नोई ने कहा कि माहेश्वरी समाज सदैव शिक्षा, उद्योग, सेवा और संस्कार के क्षेत्र में अग्रणी रहा है और अन्य समाजों के लिए प्रेरणास्रोत है। ऐसे सम्मान समारोह समाज को नई ऊर्जा देते हैं और उत्कृष्ट कार्य करने वालों को आगे बढ़ने की प्रेरणा प्रदान करते हैं। समारोह के अंत में स्नेहभोज का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाजबंधुओं ने सहभागिता कर आत्मीय मिलन का आनंद लिया। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष राधेश्याम चेचानी, कार्यसमिति सदस्य कैलाश कोठारी, नगर अध्यक्ष केदार गगरानी, महिला प्रदेश अध्यक्ष सीमा कोगटा, जिला उपाध्यक्ष प्रदीप बल्दवा, जिला मंत्री रमेश राठी सहित अनेक पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जगदीश प्रसाद कोगटा ने किया तथा अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित समाजबंधुओं का आभार व्यक्त किया। |