जलगांव में कोजागिरी महोत्सव का आयोजन सम्पन्न

जलगांव शहर एवं तहसील माहेश्वरी सभा तथा माहेश्वरी महिला संगठन के संयुक्त तत्वावधान में 24 अक्टूबर को आदित्य फार्म में कोजागिरी महोत्सव हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। सामाजिक एकता, आपसी सद्भाव एवं पारिवारिक स्नेह के इस भव्य आयोजन में लगभग 1400 समाजबंधुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। भक्ति संगीत की मधुर स्वर लहरियों और पारिवारिक मिलन के उल्लास ने महोत्सव को यादगार बना दिया।

महोत्सव का शुभारंभ महेश वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में आयुष एवं पीयूष कमलकिशोर मणियार, सुनील मंत्री तथा सुप्रीम इंडस्ट्रीज के सुरेश मंत्री की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में जलगांव जिला माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष तेजस देपुरा, सचिव अरुण लाहोटी, जिला महिला सभा की अध्यक्ष उषा कासट, सचिव चंचल तापडिय़ा, शहर एवं तहसील माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष गिरीश झंवर, सचिव हर्षल जाखेटे, शहर एवं तहसील महिला संगठन की अध्यक्ष अरुणा मंत्री तथा सचिव रानी लाहोटी विशेष रूप से उपस्थित रहे। आयोजन के प्रोजेक्ट चेयरमैन विनय बाहेती, अरुण जाजू, अर्चना जाखेटे एवं दीप्ति झंवर ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

महोत्सव का मुख्य आकर्षण पवन झंवर एवं विनोद बलदवा द्वारा प्रस्तुत भजन जैमिंग कार्यक्रम रहा। दोनों कलाकारों ने अपनी सुमधुर एवं भक्तिमय प्रस्तुतियों से उपस्थित समाजबंधुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भजनों की मधुर धुनों पर समाजबंधु उत्साह से झूम उठे। पूरे परिसर में भक्ति, उमंग और उल्लास का वातावरण छाया रहा। संगीत की इस मनमोहक प्रस्तुति ने महोत्सव में विशेष रंग भर दिया।

भजन कार्यक्रम के पश्चात पारिवारिक स्नेह-मिलन एवं सामूहिक स्नेहभोजन का आयोजन किया गया। इस दौरान समाज के विभिन्न परिवारों को एक-दूसरे से मिलने, आत्मीय संवाद करने तथा आपसी संबंधों को और अधिक प्रगाढ़ बनाने का अवसर मिला। बड़ी संख्या में उपस्थित समाजबंधुओं ने आयोजन का भरपूर आनंद लिया।

कार्यक्रम का प्रभावी एवं सुव्यवस्थित सूत्रसंचालन वैष्णवी झंवर एवं सिद्धि मणियार ने संयुक्त रूप से किया। अंत में अर्चना जाखेटे ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों, सहयोगियों एवं समाजबंधुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

महोत्सव को सफल बनाने में जलगांव शहर एवं तहसील माहेश्वरी सभा, महिला संगठन तथा समाज के आठों जोन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा। सभी के सामूहिक प्रयासों एवं समाजबंधुओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता से कोजागिरी महोत्सव सामाजिक एकता, संगठन शक्ति और पारिवारिक आत्मीयता का सुंदर उदाहरण बन गया।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal