माहेश्वरी इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च सेंटर का शिलान्यास 22 अगस्त को

जयपुर। श्री माहेश्वरी समाज, जयपुर की दी एजुकेशन कमेटी ऑफ दी माहेश्वरी समाज (सोसायटी), जयपुर द्वारा शिक्षा एवं चिकित्सा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए माहेश्वरी इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च सेंटर की स्थापना की जा रही है। संस्थान का शिलान्यास समारोह शनिवार, 22 अगस्त 2026 को प्रातः 10:30 बजे बिड़ला ऑडिटोरियम, जयपुर में आयोजित होगा।
समारोह में लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला एवं प्रमुख उद्योगपति और समाजसेवी श्री हरिमोहन जी बांगड़ के कर-कमलों द्वारा संस्थान का शिलान्यास किया जाएगा।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना का उद्देश्य चिकित्सा शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और अनुसंधान के क्षेत्र में आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराना है। माहेश्वरी समाज की ओर से इसे समाजसेवा एवं शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
शिलान्यास समारोह से पूर्व प्रातः 7 से 9 बजे तक भूमि पूजन का आयोजन वंदे मातरम् रोड, गणपतपुरा, मानसरोवर, जयपुर में किया जाएगा। आयोजन स्थल की जानकारी के लिए आमंत्रण पत्र में क्यूआर कोड भी उपलब्ध कराया गया है।
कार्यक्रम में समाज के अध्यक्ष उमेश सोनी, प्रोजेक्ट चेयरमैन बजरंग लाल बाहेती, बिल्डिंग चेयरमैन डॉ. (सीए) के.सी. परवाल, शिक्षा उपाध्यक्ष निर्मल दरगड़, शिक्षा महासचिव कमल सोमानी, शिक्षा संस्थान के कोषाध्यक्ष अरुण कुमार मालू, महामंत्री सीए रोहित परवाल, प्रोजेक्ट सचिव श्याम सुंदर भंडारी, बिल्डिंग सचिव मनोज भूतड़ा तथा कार्यक्रम संयोजक अंकुर वल्दू चितलांगिया सहित समाज के पदाधिकारी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहेंगे।
आयोजकों ने समाजबंधुओं से समारोह में अधिकाधिक संख्या में शामिल होकर इस महत्वपूर्ण परियोजना के शुभारंभ के साक्षी बनने का आग्रह किया है। मुख्य समारोह के पश्चात स्नेह भोज का भी आयोजन किया जाएगा।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal