श्री रमेश कुमार पेड़ीवाल निर्विरोध निर्वाचित, नई प्रदेश कार्यसमिति ने ली शपथ

सिलीगुड़ी। पश्चिम बंगाल प्रदेश माहेश्वरी सभा के प्रदेश अध्यक्ष पद पर सिक्किम के वरिष्ठ समाजसेवी एवं अनुभवी समाजसेवी श्री रमेश कुमार पेड़ीवाल का निर्विरोध निर्वाचन हुआ। उनके नेतृत्व में नवनिर्वाचित प्रदेश कार्यसमिति का शपथ ग्रहण समारोह सिलीगुड़ी माहेश्वरी सभा के आतिथ्य में आयोजित किया गया। समारोह में पश्चिम बंगाल प्रदेश की विभिन्न जिला एवं स्थानीय सभाओं के करीब 150 प्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं समाज के गणमान्यजन उपस्थित रहे।

समारोह में समाज की एकजुटता, संगठनात्मक मजबूती तथा आगामी तीन वर्षों में सामाजिक विकास की दिशा पर विस्तृत चर्चा की गई। पश्चिम बंगाल प्रदेश माहेश्वरी सभा अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा से संबद्ध है। प्रदेश सभा के अंतर्गत कोलकाता को छोड़कर पश्चिम बंगाल में लगभग 41 स्थानीय एवं जिला सभाएं सक्रिय हैं, जिनसे 2,000 से अधिक माहेश्वरी परिवार जुड़े हुए हैं। इसके संगठनात्मक दायरे में सिक्किम राज्य की चार माहेश्वरी सभाएं भी शामिल हैं।

प्रदेश पदाधिकारियों का निर्वाचन लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत किया गया। श्री रमेश कुमार पेड़ीवाल की योग्यता, दीर्घ सामाजिक अनुभव, संगठनात्मक दक्षता एवं नेतृत्व क्षमता को देखते हुए उन्हें प्रदेश अध्यक्ष पद पर निर्विरोध चुना गया। निर्वाचन अधिकारी ने श्री पेड़ीवाल सहित नवनिर्वाचित 14 सदस्यीय प्रदेश कार्यसमिति को विधिवत शपथ दिलाई।

नई कार्यसमिति में प्रदेश अध्यक्ष श्री रमेश कुमार पेड़ीवाल, गंगटोक (सिक्किम), जबकि उपाध्यक्ष के रूप में श्री हनुमान राठी, मैनागुड़ी; श्री बिनोद कुमार चांडक, सोमबारे; श्री सुरेश कुमार बिहानी, मालदा; श्री संतोष कुमार राठी, रामपुरहाट तथा श्री हनुमान चांडक, एगरा को जिम्मेदारी दी गई।

महासचिव श्री ओम प्रकाश तापडिय़ा, दार्जिलिंग, संगठन सचिव श्री विटुल कुमार मल्ल, पुरुलिया तथा कोषाध्यक्ष श्री सुरेश कुमार बजाज, अलीपुरद्वार निर्वाचित हुए। संयुक्त सचिव के रूप में श्री लीलाधर राठी, जयगाँव; श्री घनश्याम बागड़ी, सिलीगुड़ी; श्री अमरेश कुमार मुंद्रा, रायगंज; श्री प्रदीप मूंधड़ा, नलहाटी तथा श्री मनोज मूंधड़ा, मेदिनीपुर को दायित्व सौंपा गया। वहीं महासभा कार्यसमिति सदस्य के रूप में श्री श्रीभगवान मुंद्रा का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया गया।

नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष श्री रमेश कुमार पेड़ीवाल ने अपने संबोधन में कहा कि आगामी तीन वर्षों में प्रदेश सभा को अधिक संगठित एवं सक्रिय बनाना, स्थानीय एवं जिला सभाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा समाज के सर्वांगीण विकास के लिए विभिन्न योजनाओं को प्राथमिकता देना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में रहेगा। उन्होंने समाज के सभी सदस्यों से संगठन को मजबूत बनाने तथा सामाजिक सेवा के कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

श्री पेड़ीवाल लंबे समय से सामाजिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़े हुए हैं। कुशल वक्ता, अनुभवी समाजसेवी एवं प्रभावशाली नेतृत्व क्षमता वाले व्यक्तित्व के रूप में उनकी पहचान है। उनके नेतृत्व में पश्चिम बंगाल प्रदेश माहेश्वरी सभा को नई दिशा, नई ऊर्जा और गति मिलने की उम्मीद व्यक्त की गई।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal