| पूर्वोत्तर माहेश्वरी सभा के नवनिर्वाचित प्रांतीय अध्यक्ष जुगल किशोर डागा का तेजपुर में भव्य सम्मान |
|
|
पूर्वोत्तर माहेश्वरी सभा के नवनिर्वाचित प्रांतीय अध्यक्ष श्री जुगल किशोर डागा के सम्मान में माहेश्वरी सभा तेजपुर की ओर से भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में तेजपुर की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, घटक समाजों एवं समाज के गणमान्य नागरिकों ने उपस्थित होकर श्री डागा को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का शुभारंभ माहेश्वरी सभा तेजपुर के अध्यक्ष श्री गिरधर सोनी, सचिव श्री प्रेम झंवर, कार्यक्रम संयोजक श्री घनश्याम सोमानी, माहेश्वरी सेवा न्यास के अध्यक्ष श्री कमल लधड़ तथा नवनिर्वाचित प्रांतीय अध्यक्ष श्री जुगल किशोर डागा के मंचासीन होने के साथ हुआ। भगवान महेश के स्मरण के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद सभा अध्यक्ष श्री गिरधर सोनी ने स्वागत संबोधन दिया। कार्यक्रम संयोजक श्री घनश्याम सोमानी ने श्री जुगल किशोर डागा को प्रांतीय अध्यक्ष निर्वाचित होने पर बधाई देते हुए कहा कि उनका सामाजिक जीवन सेवा, समर्पण, संस्कार और संगठन के प्रति प्रतिबद्धता का उदाहरण है। उनका प्रांतीय नेतृत्व पूरे समाज के लिए गौरव का विषय है। समारोह में तेजपुर की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं एवं घटक समाजों के पदाधिकारियों ने श्री डागा का सम्मान किया। वक्ताओं ने उनके साथ जुड़े व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए समाज के प्रति उनके योगदान, सहज व्यवहार, सेवा भावना और संगठनात्मक क्षमता की प्रशंसा की। समारोह में श्री जुगल किशोर डागा के परिवारजन भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनकी बहनों ने मंच से उनके व्यक्तित्व, संस्कारों और सामाजिक जीवन से जुड़े अनुभव साझा किए। उनके भावपूर्ण संस्मरणों ने समारोह को पारिवारिक आत्मीयता और भावनात्मक गरिमा प्रदान की। सम्मान के प्रत्युत्तर में श्री जुगल किशोर डागा ने भगवान महेश का स्मरण करते हुए सभी उपस्थितजनों का अभिवादन किया और माहेश्वरी सभा तेजपुर द्वारा आयोजित सम्मान समारोह के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि व्यक्ति के जीवन में परिवार से मिले संस्कार ही उसकी सामाजिक यात्रा की मजबूत नींव होते हैं। उन्होंने माहेश्वरी समाज से अपने जुड़ाव की भावनात्मक यात्रा को याद करते हुए तेजपुर को अपनी कर्मभूमि और सामाजिक यात्रा की आधारभूमि बताया। साथ ही तेजपुर के मारवाड़ी समाज एवं विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के साथ अपने लंबे अनुभवों और आत्मीय संबंधों का भी उल्लेख किया। श्री डागा ने कहा कि पूर्वोत्तर माहेश्वरी सभा के प्रांतीय अध्यक्ष का पद उनके लिए केवल सम्मान का विषय नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी है। इस दायित्व को सफलतापूर्वक निभाने के लिए समाज के वरिष्ठजनों का आशीर्वाद, मार्गदर्शन और सहयोग निरंतर आवश्यक रहेगा। उन्होंने कहा कि समाज की वास्तविक शक्ति एकता, सहयोग और सेवा में निहित है। सभी समाजबंधुओं से मिलकर आगे बढऩे का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि माहेश्वरी समाज को अपने सामाजिक दायित्वों के साथ-साथ तेजपुर एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र की अन्य सामाजिक संस्थाओं और समाजों के साथ सहयोग एवं सहभागिता को भी मजबूत करना चाहिए। उन्होंने युवाओं को समाज की मुख्यधारा से जोडऩे पर विशेष जोर देते हुए कहा कि समाज का भविष्य युवाओं के हाथों में है। उनकी ऊर्जा, प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता को सकारात्मक दिशा देना आवश्यक है। उन्होंने महिलाओं एवं युवतियों की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने की आवश्यकता भी रेखांकित की और कहा कि समाज के विकास में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। अपने संबोधन के अंत में श्री जुगल किशोर डागा ने सम्मान समारोह में उपस्थित सभी संस्थाओं, घटक समाजों, वरिष्ठजनों, परिवारजनों एवं समाजबंधुओं के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी के सहयोग और मार्गदर्शन से वे अपने प्रांतीय अध्यक्ष के दायित्व का पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ निर्वहन कर पाएंगे। कार्यक्रम का प्रभावी एवं सुव्यवस्थित संचालन माहेश्वरी सभा तेजपुर के कोषाध्यक्ष श्री बिष्णु डागा ने किया। उन्होंने उपस्थित अतिथियों एवं संस्थाओं का परिचय कराया तथा अंत में सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। |