| तिरंगे के सम्मान में गूंजे 'जय हिंद' के नारे, श्री माहेश्वरी सभा चेन्नई ने मनाया 80वां स्वतंत्रता दिवस |
|
|
श्री माहेश्वरी सभा, चेन्नई द्वारा मिंट स्ट्रीट स्थित श्री माहेश्वरी भवन के प्रांगण में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह, उमंग और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में सभा के पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों सहित समाज के अनेक गणमान्य लोगों ने उपस्थित होकर राष्ट्र के प्रति अपनी श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त किया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराने के साथ हुआ। इसके बाद उपस्थित सभी सदस्यों ने राष्ट्रगान गाकर देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। स्वतंत्रता दिवस के महत्व तथा राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की भूमिका पर वक्ताओं ने अपने विचार रखे। सभा अध्यक्ष श्री गौरी शंकर राठी ने कहा कि 15 अगस्त 1947 को देश को मिली स्वतंत्रता अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। महात्मा गांधी, नेताजी सुभाषचंद्र बोस, भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद सहित असंख्य वीरों ने राष्ट्र की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उन्होंने कहा कि हमें उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाते हुए राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प लेना चाहिए। मद्रास माहेश्वरी चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रबंध न्यासी श्री महेंद्र मोहता ने कहा कि स्वतंत्रता केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का भी दिन है। देश की प्रगति के लिए ईमानदारी, परिश्रम और भाईचारे की भावना से कार्य करना आवश्यक है। उन्होंने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, यातायात नियमों के पालन तथा परस्पर सम्मान को प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य बताया।
तमिलनाडु, केरल एवं पांडिचेरी प्रादेशिक माहेश्वरी सभा के पूर्व अध्यक्ष श्री प्रमोद मालपानी ने कहा कि आज हम जिस स्वतंत्र वातावरण में अपने विचार व्यक्त कर पा रहे हैं, वह स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान की देन है। हमें सदैव उनके बलिदान को स्मरण रखते हुए राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए। सभा के उपाध्यक्ष श्री कमल किशोर गोयदानी ने स्वागत भाषण में कहा कि स्वतंत्रता दिवस वीर शहीदों के बलिदान को नमन करने और राष्ट्रसेवा का संकल्प लेने का अवसर है। उन्होंने कहा कि श्री माहेश्वरी सभा समाज, देश और मानवता की सेवा में सदैव अग्रणी भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर अहमदाबाद से पधारे परम पूज्य 108 आचार्य श्री गोवेर्धनेशजी महाराज सहित सभा के उपाध्यक्ष श्री कमल किशोर गोयदानी, सहसचिव श्री जगदीश गोदानी, कोषाध्यक्ष श्री अनुराग माहेश्वरी, श्री माहेश्वरी फूड बैंक चैरिटेबल ट्रस्ट के चेयरमैन श्री जयप्रकाश मालपानी, श्री माहेश्वरी क्लब के अध्यक्ष श्री मुकुल डागा, सचिव श्री गौरव जेठा, श्री माहेश्वरी सत्संग समिति के अध्यक्ष श्री बंसीलाल दलाल, सचिव श्री किशोर कुमार जेठा, श्री माहेश्वरी युवा मंडल के सचिव श्री कुशल माहेश्वरी सहित अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में श्री महावीर मर्दा, श्री देवकिशन काबरा, श्री मनोज राठी, श्री अशोक गोयदानी, श्री मदन राठी, श्री जुगल किशोर बिसानी, श्री पवन मोहता, श्री प्रदीप माहेश्वरी, श्री ग्वालदास मोहता, श्री जगदीश बियानी, श्री डूंगर दास बिसानी, श्री किशन झंवर, श्री सुरेश भट्टड़, श्री सुरेश कोठारी, श्री जेठमल चांडक, श्री मोहनलाल बजाज, श्री सुशील झंवर, श्री राजन सारडा सहित समाज के अनेक सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत 'वंदे मातरम्' और 'जय हिंद' के गगनभेदी नारों के साथ हुआ। सभा के सहसचिव श्री जगदीश गोदानी ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
|