| माहेश्वरी समाज की एकता, सेवा और महिला सशक्तिकरण का सशक्त संदेश, राष्ट्रीय टीम का बठिंडा में भव्य स्वागत |
|
|
अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महिला संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती ज्योति राठी एवं राष्ट्रीय महासचिव श्रीमती किरण लढा संगठनात्मक भ्रमण के अंतर्गत बठिंडा पहुंचीं। उनके साथ पंजाब प्रदेश अध्यक्ष अनु सोमानी तथा प्रदेश सचिव निधि माहेश्वरी भी उपस्थित रहीं। मेलोडी होटल में आयोजित बैठक में समाज की एकता, महिला नेतृत्व, सेवा कार्यों एवं संगठन के विस्तार को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। राष्ट्रीय पदाधिकारियों का स्वागत माहेश्वरी महिला संगठन बठिंडा की प्रधान अंजू मालपानी, संरक्षक पूनम राठी, निवर्तमान अध्यक्ष सविता होलानी, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य मंजू भूराडिय़ा, प्रादेशिक सचिव जगदीश मंत्री, के.के. मालपानी, गोविंद माहेश्वरी, रमेश माहेश्वरी, पी.पी. राठी, डॉ. आर.एन. माहेश्वरी सहित समाज के अनेक गणमान्य सदस्यों ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान महेश की वंदना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। अपने संबोधन में राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्योति राठी ने कहा कि माहेश्वरी समाज सेवा, संस्कार और सामाजिक उत्तरदायित्व के लिए देशभर में सम्मानित है। उन्होंने महिलाओं से संगठन को अपना परिवार मानते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, बेटी शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, चिकित्सा सहायता एवं समाज सेवा के विभिन्न प्रकल्पों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। राष्ट्रीय महासचिव किरण लढा ने कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति उसकी सक्रिय सदस्य हैं। उन्होंने युवा महिलाओं को संगठन से जोडऩे तथा भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और सामाजिक समरसता को सुदृढ़ बनाने पर विशेष बल दिया। प्रदेश अध्यक्ष अनु सोमानी एवं प्रदेश सचिव निधि माहेश्वरी ने पंजाब में संगठन के विस्तार के साथ-साथ आगामी सेवा, स्वास्थ्य, डिजिटल शिक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण संबंधी योजनाओं की जानकारी दी। बठिंडा इकाई की प्रधान अंजू मालपानी ने विश्वास दिलाया कि स्थानीय इकाई सेवा, संस्कार और संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी। बैठक में सदस्यता अभियान, संगठनात्मक विस्तार तथा विभिन्न सामाजिक गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई। अंत में राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
|
|
| 23 July 2026 |
| जलगांव जिला माहेश्वरी सभा ने किया परिवारों का सम्मान |