| जलगांव जिले में श्रद्धा, सेवा और सामाजिक समरसता के साथ मनाया गया महेश नवमी महोत्सव |
|
|
माहेश्वरी समाज के गौरवशाली उत्पत्ति दिवस महेश नवमी के पावन अवसर पर जलगांव जिले के सभी नगरों, तहसीलों एवं ग्रामों में धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता और सेवा भावना के साथ विविध कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। जिलेभर के समाजबंधुओं ने तन, मन एवं धन से सहभागिता करते हुए इस महापर्व को ऐतिहासिक एवं अविस्मरणीय बना दिया। जलगांव शहर में तीन दिवसीय महोत्सव के अंतर्गत अनेक धार्मिक, सामाजिक एवं सेवा गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों की शुरुआत एनसीएमसी कार्ड वितरण से हुई। इसके पश्चात महेश चौक पर दीप महोत्सव, भजन संध्या तथा माहेश्वरी महिला मंडल द्वारा लाठी-काठी प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। महेश नवमी के दिन प्रात:काल बालाजी मंदिर में भगवान महेश का रुद्राभिषेक, अभिषेक एवं महाआरती संपन्न हुई। साथ ही गौसेवा का आयोजन किया गया तथा अयोध्या नगर में 11,000 रुद्राक्षों से भगवान महेश का विशेष श्रृंगार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना। समाजसेवा की भावना को साकार करते हुए श्री शामभाऊ कोगटा मित्र परिवार द्वारा भोजन प्रसादी का आयोजन किया गया। जिला सिविल अस्पताल में मरीजों एवं उनके परिजनों को फल वितरित किए गए तथा माहेश्वरी बोर्डिंग में रक्तदान शिविर आयोजित कर मानव सेवा का संदेश दिया गया। सायंकाल निकाली गई भव्य शोभायात्रा महोत्सव का प्रमुख आकर्षण रही। शोभायात्रा में समाज के वरिष्ठजन, युवा, महिलाएं एवं बालक-बालिकाएं बड़ी संख्या में शामिल हुए। भगवान महेश के जयघोष, आकर्षक धार्मिक झांकियों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं भक्ति गीतों से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा। शोभायात्रा के समापन पर महेश प्रगति मंडल में महाप्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाजबंधुओं ने सहभागिता की। जलगांव शहर के साथ-साथ भुसावल, एरंडोल, कासोदा, चोपड़ा, अडावद, पाचोरा, पालधी, पिंप्री, भडग़ांव, शेंदुर्णी, जामनेर, बोदवड-मुक्ताईनगर, अमलनेर एवं चालीसगांव सहित जिले के सभी क्षेत्रों में भी महेश नवमी का पर्व श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया गया। विभिन्न स्थानों पर रुद्राभिषेक, भजन संध्या, शोभायात्रा, महाप्रसादी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रतिभा सम्मान समारोह, रक्तदान शिविर, गौसेवा तथा अन्य सेवा गतिविधियों का आयोजन किया गया। महेश नवमी के अवसर पर जलगांव जिला माहेश्वरी सभा ने समाज के संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण एवं बेहतर समन्वय के उद्देश्य से जिले के विभिन्न नगरों एवं तहसीलों में जिला पदाधिकारियों एवं सदस्यों को प्रतिनिधि स्वरूप भेजा। इन प्रतिनिधियों ने स्थानीय माहेश्वरी सभाओं के कार्यक्रमों में सहभागिता कर समाज की एकता, संवाद एवं संगठनात्मक मजबूती का संदेश दिया। इस पहल से जिलेभर की विभिन्न सभाओं के मध्य आत्मीयता, समन्वय एवं सहयोग की भावना और अधिक प्रगाढ़ हुई। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि महेश नवमी केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि माहेश्वरी समाज की गौरवशाली परंपरा, सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक उत्तरदायित्व, सेवा, त्याग, सदाचार एवं संगठनात्मक एकता का प्रतीक है। यह पर्व भगवान महेश के आदर्शों पर चलते हुए समाजहित के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने की प्रेरणा देता है। महोत्सव की सफलता पर जलगांव जिला माहेश्वरी सभा ने सभी विभागीय उपाध्यक्षों, संयुक्त मंत्रियों, तहसील सभाओं के अध्यक्षों एवं सचिवों, जलगांव शहर के सभी जोन अध्यक्षों एवं सचिवों, माहेश्वरी महिला मंडल की अध्यक्षा एवं सचिव, युवक संगठन के अध्यक्ष एवं सचिव, समस्त पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी समाजबंधुओं के प्रति हार्दिक आभार एवं अभिनंदन व्यक्त किया। सभा ने विश्वास व्यक्त किया कि समाजबंधुओं का यही सहयोग, समर्पण एवं सक्रिय सहभागिता भविष्य में भी समाजहित एवं संगठनात्मक विकास के कार्यों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। जागरूक संगठन - जागरूक समाज तथा संगठित समाज - समृद्ध समाज के संदेश के साथ महेश नवमी महोत्सव का समापन समाज की एकता, सेवा और सांस्कृतिक गौरव के संकल्प के साथ हुआ।
|
|
| 23 July 2026 |
| जलगांव जिला माहेश्वरी सभा ने किया परिवारों का सम्मान |