किशनगंज में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया महेश नवमी महोत्सव

महेश नवमी के पावन अवसर पर माहेश्वरी महिला मंडल, किशनगंज द्वारा महेश नवमी महोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। आयोजन में समाज के सभी वर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर भगवान महेश की आराधना की तथा धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभात फेरी से हुआ। इस दौरान बच्चों ने भगवान शिव एवं धार्मिक विषयों पर आधारित आकर्षक झाँकियाँ प्रस्तुत कीं, जिन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। इसके पश्चात जेपीटी गोला में भगवान शिव का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ रुद्राभिषेक एवं शिव अभिषेक संपन्न हुआ। पूजा-अर्चना के उपरांत सभी श्रद्धालुओं के लिए स्वादिष्ट नाश्ते की व्यवस्था की गई।

संध्या समय लक्ष्मी नारायण मंदिर में सुंदरकांड पाठ, भजन-कीर्तन एवं सामूहिक आरती का आयोजन हुआ। भक्तिमय वातावरण में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की आराधना कर समाज की सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।

महोत्सव के अंतर्गत 28 जून, रविवार को तेरापंथ भवन में भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बच्चों, युवाओं एवं महिलाओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। साथ ही विभिन्न मनोरंजक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें समाजबंधुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित समाजबंधुओं के लिए स्वादिष्ट भोजन एवं अल्पाहार की व्यवस्था की गई। पूरे आयोजन ने समाज में धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता एवं पारिवारिक सौहार्द का सुंदर संदेश दिया।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal