जमशेदपुर में पाँच दिवसीय महेश नवमी महोत्सव 2026 उल्लासपूर्वक संपन्न

माहेश्वरी समाज के 5159वें वंशोत्पत्ति दिवस एवं महेश नवमी महापर्व के उपलक्ष्य में जमशेदपुर माहेश्वरी समाज द्वारा 19 से 23 जून 2026 तक पाँच दिवसीय भव्य महोत्सव का आयोजन उत्साह, श्रद्धा और सामाजिक समर्पण के साथ किया गया। धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक, स्वास्थ्य जागरूकता एवं मानव सेवा से जुड़े विविध कार्यक्रमों ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया। महोत्सव का समापन 23 जून को विराट शोभायात्रा, भगवान महेश के अभिषेक-पूजन तथा सांस्कृतिक संध्या के साथ हुआ।

महोत्सव का शुभारंभ 19 जून को गौशाला में गौमाता की सेवा से हुआ, जहाँ समाज के गणमान्य सदस्यों ने गुड़, चारा आदि अर्पित कर सेवा कार्य किया। सायंकाल माहेश्वरी युवा संगठन द्वारा राजस्थानी संस्कृति पर आधारित सिने मैक्स कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बच्चों, युवाओं, महिलाओं एवं वरिष्ठजनों सहित बड़ी संख्या में समाजबंधुओं ने सहभागिता कर मनोरंजन एवं अल्पाहार का आनंद लिया।

20 जून को युवा संगठन के तत्वावधान में वॉकथॉन - पहला सुख, निरोगी काया का आयोजन किया गया। लगभग 5 किलोमीटर की सामूहिक पदयात्रा के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। इसके बाद साबू परिवार के सौजन्य से वृद्धाश्रम में बुजुर्गों एवं दिव्यांगजनों के लिए भोजन सेवा आयोजित कर नर सेवा ही नारायण सेवा की भावना को साकार किया गया। शाम को माहेश्वरी महिला मंडल द्वारा सामूहिक सुंदरकांड पाठ का आयोजन हुआ, जिसमें भक्तिमय वातावरण के बीच बड़ी संख्या में समाजजनों ने सहभागिता कर प्रसाद ग्रहण किया।

21 जून को मानव सेवा के संकल्प के साथ लगातार नौवें वर्ष विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में माहेश्वरी समाज के साथ अन्य समाजों एवं विभिन्न धर्मों के लोगों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। कुल 121 रक्तदाताओं ने रक्तदान कर मानवता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया।

22 जून को माहेश्वरी युवा संगठन द्वारा हाउजी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के साथ अन्य समुदायों के लोगों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और कार्यक्रम की सराहना की।

23 जून को महेश नवमी के मुख्य आयोजन के अंतर्गत सम्पूर्ण जमशेदपुर माहेश्वरी समाज ने एकजुटता एवं संगठन शक्ति का परिचय देते हुए विशाल शोभायात्रा निकाली। भगवान महेश के जयघोष, भजनों एवं महेश स्तुति से गुंजायमान यह शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली। महेश ध्वजा लिए अश्वारोही सेवकों के नेतृत्व में निकली यात्रा में महिला शक्ति, युवा वर्ग और बालसेना का उत्साह देखते ही बनता था। नगरवासियों ने अनेक स्थानों पर पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। यात्रा के समापन पर गौसेवा के पश्चात मंडल प्रांगण में भगवान महेश का अभिषेक, पूजन, आरती एवं सामूहिक प्रसाद का आयोजन हुआ।

सायंकाल आयोजित सांस्कृतिक समारोह का शुभारंभ भगवान महेश के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुआ। समाज के अध्यक्ष ने महेश नवमी की शुभकामनाएँ देते हुए समाज को एकता एवं सेवा के मार्ग पर निरंतर अग्रसर रहने का संदेश दिया। इसके पश्चात वरिष्ठ समाजजनों ने भी अपने शुभकामना संदेश दिए। दिवंगत समाजबंधुओं को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद गणेश वंदना एवं महेश वंदना के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का शुभारंभ हुआ। महिला मंडल द्वारा प्रस्तुत चार युगों की महिमा पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम ने सभी को भावविभोर कर दिया। तेज वर्षा के बावजूद मंडल प्रांगण समाजजनों से खचाखच भरा रहा, जो समाज की एकजुटता और उत्साह का प्रतीक बना।

महोत्सव के समापन पर सभी समाजबंधुओं ने एक-दूसरे को महेश नवमी की शुभकामनाएँ दीं तथा भगवान महेश से समाज की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं मंगलमय भविष्य की प्रार्थना की। पूरे पाँच दिवसीय आयोजन को सफल, सुव्यवस्थित एवं गरिमामय बनाने में माहेश्वरी महिला मंडल, माहेश्वरी युवा संगठन तथा समस्त समाजजनों का उल्लेखनीय सहयोग एवं सक्रिय सहभागिता रही।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal