| अंतरराष्ट्रीय स्तर की एमएफटीए उपाधि से सम्मानित हुए चंदन तापडिय़ा |
|
|
भारतीय शेयर बाजार के प्रतिष्ठित तकनीकी विश्लेषक एवं हेड-टेक्निकल एंड डेरिवेटिव्स रिसर्च चंदन तापडिय़ा को इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ टेक्निकल एनालिस्ट्स (आईएफटीए), अमेरिका द्वारा वित्तीय तकनीकी विश्लेषण के क्षेत्र की सर्वोच्च एवं प्रतिष्ठित उपाधियों में से एक मास्टर ऑफ फाइनेंशियल टेक्निकल एनालिसिस (एमएफटीए) प्रदान की गई है। एमएफटीए उपाधि विश्वभर में तकनीकी विश्लेषण के क्षेत्र में उत्कृष्ट शोध और विशेषज्ञता का सर्वोच्च प्रमाण मानी जाती है। यह सम्मान केवल उन पेशेवरों को दिया जाता है जो अपनी मौलिक एवं अत्याधुनिक शोध को अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों के समक्ष सफलतापूर्वक प्रस्तुत कर उसकी गुणवत्ता सिद्ध करते हैं। इस उपलब्धि के साथ चंदन तापडिय़ा विश्व के चुनिंदा एमएफटीए धारकों की विशिष्ट श्रेणी में शामिल हो गए हैं। भारत में भी यह सम्मान प्राप्त करने वाले विशेषज्ञों की संख्या अत्यंत सीमित है। चंदन तापडिय़ा इससे पूर्व एमबीए (फाइनेंस), पीजीपीबीएम (फाइनेंस एवं मार्केटिंग), पीजीडीएसएल, चार्टर्ड मार्केट टेक्निशियन (सीएमटी), सीएफटीई तथा ग्लोबल लीडरशिप जैसी अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय योग्यताएँ अर्जित कर चुके हैं। पिछले एक दशक से अधिक समय से भारतीय इक्विटी एवं डेरिवेटिव बाजारों पर शोधरत तापडिय़ा देश के प्रमुख बिजनेस समाचार चैनलों सीएनबीसी आवाज़, ज़ी बिजनेस, एनडीटीवी प्रॉफिट, टीवी18, ईटी नाउ, ईटी नाउ स्वदेश, आज तक, दूरदर्शन, WION इंटरनेशनल तथा ब्लूमबर्ग पर बाजार विशेषज्ञ के रूप में नियमित रूप से अपनी विश्लेषणात्मक राय प्रस्तुत करते रहे हैं। उनके बाजार, निवेश, अर्थव्यवस्था, सरकारी योजनाओं, वैश्विक आर्थिक परिदृश्य, करियर एवं वित्तीय शिक्षा से जुड़े लेख इकोनॉमिक टाइम्स, बिजनेस टुडे, फाइनेंशियल एक्सप्रेस, फाइनेंशियल क्रॉनिकल, मिंट, द हिंदू तथा बीएसई ब्रोकर्स फोरम सहित अनेक प्रतिष्ठित प्रकाशनों में प्रकाशित होते रहते हैं। अपने शोध, निवेश संबंधी मार्गदर्शन और शैक्षणिक पहल के माध्यम से उन्होंने लाखों विद्यार्थियों, निवेशकों और ट्रेडर्स को लाभान्वित किया है। इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए चंदन तापडिय़ा ने कहा कि एमएफटीए प्राप्त करना उनके लिए अत्यंत गौरव का विषय है। यह सम्मान वर्षों की मेहनत, शोध और निरंतर सीखने की प्रक्रिया का परिणाम है। उनका प्रयास रहेगा कि वे शोध आधारित ज्ञान को आगे बढ़ाते हुए अधिक से अधिक निवेशकों को जागरूक करने तथा वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा देने में अपना सक्रिय योगदान देते रहें। चंदन तापडिय़ा देश के 100 से अधिक प्रतिष्ठित प्रबंधन संस्थानों, आईआईएम, आईआईटी, आईसीएआई, एएमएफआई, एनएसडीएल, सीबीएसई सहित अनेक वित्तीय संस्थानों, निवेशक जागरूकता कार्यक्रमों और शैक्षणिक मंचों पर नियमित रूप से व्याख्यान देते हैं तथा शोध आधारित निवेश संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। राजस्थान के श्रीबालाजी एवं नोखा क्षेत्र से जुड़े प्रवासी चंदन तापडिय़ा की यह उपलब्धि क्षेत्र के हजारों युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने सिद्ध किया है कि उच्च शिक्षा, समर्पण, सतत शोध और निरंतर प्रयासों के बल पर राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी विशिष्ट पहचान बनाई जा सकती है। |