गुमला में महेश नवमी महोत्सव हर्षोल्लास के साथ संपन्न, शोभायात्रा, खेल प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां बनीं आकर्षण

झारखंड के गुमला में माहेश्वरी समाज द्वारा महेश नवमी महोत्सव-2026 का आयोजन अत्यंत श्रद्धा, उत्साह और पारिवारिक सौहार्द के वातावरण में धूमधाम से संपन्न हुआ। महोत्सव के अंतर्गत धार्मिक, सामाजिक, शैक्षणिक, खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के सभी आयु वर्ग के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

महोत्सव के दौरान बॉक्स क्रिकेट, बैडमिंटन, जैज़मिंटन, कैरम, म्यूजि़कल दंगल, शतरंज, सुडोकू टूर्नामेंट सहित छोटे बच्चों के लिए विभिन्न मनोरंजक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में समाज के प्रतिभागियों ने अपनी खेल प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

महेश नवमी के पावन अवसर पर प्रात:काल भगवान महेश की जयघोष के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में समाजबंधुओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ समाज की वरिष्ठतम सदस्य दुर्गा देवी मंत्री एवं निर्मला काबरा के कर-कमलों से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

इस अवसर पर शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं तथा विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया। समाज के प्रतिभाशाली बच्चों और युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

सांस्कृतिक संध्या महोत्सव का विशेष आकर्षण रही। नारी शक्ति, पारिवारिक एकता एवं भारतीय संस्कृृति पर आधारित मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। वहीं, फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में नन्हें-मुन्ने बच्चों ने अपनी आकर्षक वेशभूषा और मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी का दिल जीत लिया।

कार्यक्रम के समापन पर समाज के सभी सदस्यों ने सामूहिक सहभोज का आनंद लिया। इस दौरान 'उतना ही लो थाली में, व्यर्थ न जाए नाली मेंÓ अभियान के माध्यम से भोजन की बर्बादी रोकने और अन्न के सम्मान का प्रेरक संदेश भी दिया गया। महोत्सव ने समाज में एकता, संस्कार, सेवा और सामाजिक समरसता की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने का कार्य किया।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal