भव्यता के साथ दिव्यता का अद्भुत संगम, सनातन संस्कृति और संस्कारों से महका प्री-वेडिंग समारोह

आधुनिकता की चकाचौंध के बीच जब विवाह समारोहों में पारंपरिक संस्कृृति और संस्कार पीछे छूटते दिखाई दे रहे हैं, ऐसे समय में अहमदाबाद के मोदानी परिवार ने अपने प्री-वेडिंग समारोह को सनातन परंपरा और माहेश्वरी संस्कृति का अनुपम स्वरूप प्रदान कर एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया।

श्री अनिल मोदानी एवं श्रीमती सीमा मोदानी (नरैना वाले) परिवार द्वारा अपने सुपुत्र चिरंजीव आशु मोदानी एवं सौभाग्यकांक्षी नेहा सोमानी के प्रस्तावित विवाह के उपलक्ष्य में आयोजित प्री-वेडिंग उत्सव पूर्णत: भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था एवं पारिवारिक संस्कारों पर आधारित रहा। समारोह में तथाकथित आधुनिकता के प्रदर्शन के स्थान पर सनातन परंपराओं और शुद्ध मारवाड़ी माहेश्वरी संस्कृति की मधुर छटा देखने को मिली।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सुंदरकांड पाठ एवं भक्ति संगीत रहा। व्यासपीठ से प्रस्तुत मधुर भजनों के बीच मोदानी परिवार, वर-वधू, परिजन तथा सभी आमंत्रित अतिथि पूरे श्रद्धाभाव एवं तन्मयता के साथ सुंदरकांड के पाठ में सहभागी बने। संपूर्ण वातावरण भक्तिरस से ओत-प्रोत होकर दिव्यता एवं आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति करा रहा था।

अहमदाबाद स्थित Peacock Hall, The Taj Skyline Hotel की भव्यता धार्मिक वातावरण और सांस्कृृतिक गरिमा से और अधिक आलोकित हो उठी। समारोह के समापन पर अतिथियों के लिए सुरुचिपूर्ण एवं स्वादिष्ट भोजन की व्यवस्था की गई। लगभग 350 से अधिक अतिथियों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कर नवयुगल को शुभाशीष प्रदान किया।

समारोह ने यह संदेश दिया कि समय के साथ रहन-सहन एवं रीति-रिवाजों में परिवर्तन स्वाभाविक है, किन्तु अपनी संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों को आत्मसात करते हुए आयोजित होने वाले ऐसे विवाहोत्सव न केवल प्रशंसनीय हैं, बल्कि समाज के लिए अनुकरणीय भी हैं। आधुनिकता और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के संतुलित समन्वय का यह आयोजन उपस्थित सभी लोगों के लिए अविस्मरणीय अनुभव बन गया। यह जानकारी अहमदाबाद के श्री कृष्ण कुमार माहेश्वरी (मानधना) द्वारा उपलब्ध कराई गई है।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal