दुर्ग में भव्य रूप से मनाया गया महेश नवमी महापर्व, 'महेश चौक' का हुआ लोकार्पण

भगवान महेश की कृपा से ज्येष्ठ शुक्ल नवमी, दिनांक 23 जून 2026 को 5159वें वंशोत्पत्ति दिवस के अवसर पर श्री माहेश्वरी पंचायत दुर्ग द्वारा महेश नवमी महापर्व अत्यंत श्रद्धा, उत्साह एवं सेवा भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गंजपारा में नव-निर्मित महेश चौक का लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया, जो नगर में समाज की एकता, सेवा एवं समर्पण का नया प्रतीक बन गया।

महेश चौक का लोकार्पण दुर्ग नगर निगम की महापौर अलका बाघमार के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि छत्तीसगढ़ प्रादेशिक माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष सुरेश मूंधड़ा, दुर्ग जिला माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष देवरतन तापडिय़ा, लोककर्म प्रभारी देवनारायण चंद्राकर तथा एमआईसी सदस्य नीलेश अग्रवाल थे।

महापौर अलका बाघमार ने अपने संबोधन में कहा कि माहेश्वरी समाज संगठन, सेवा, त्याग और सदाचार का अनुपम एवं अद्वितीय उदाहरण है। समाज न केवल धन अर्जित करता है, बल्कि उसे लोकहित में समर्पित करने की उत्कृष्ट परंपरा भी निभाता है। उन्होंने कहा कि महेश चौक समाज की एकता, सेवा और समर्पण का प्रतीक बनेगा तथा नगर को सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने में माहेश्वरी समाज की भूमिका सदैव प्रेरणादायी रहेगी।

प्रादेशिक अध्यक्ष सुरेश मूंधड़ा ने कहा कि माहेश्वरी समाज राष्ट्रहित एवं सेवा कार्यों में सदैव अग्रणी रहा है। कोविड-19 महामारी के दौरान समाज ने देशभर में उल्लेखनीय सेवाएं दीं। उन्होंने कहा कि दुर्ग का माहेश्वरी समाज सेवा एवं संगठन के क्षेत्र में पूरे प्रदेश ही नहीं बल्कि देशभर में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। परिचय सम्मेलन सहित अनेक नवाचारपूर्ण कार्यक्रमों का सफल आयोजन इसकी पहचान है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में दुर्ग सहित अब चार स्थानों—कुरूद, सुकमा, बेमेतरा एवं दुर्ग—में महेश चौक स्थापित हो चुके हैं।

जिला अध्यक्ष देवरतन तापडिय़ा ने महेश चौक के लोकार्पण को समाज के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं। लोककर्म प्रभारी देवनारायण चंद्राकर ने कहा कि भगवान महेश के आशीर्वाद से महेश चौक नगर के विकास एवं सांस्कृतिक गौरव का केंद्र बनेगा।

श्री माहेश्वरी पंचायत दुर्ग के अध्यक्ष अशोक राठी ने समाज के पूर्व अध्यक्षों एवं वरिष्ठजनों को प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन एवं सभी के सहयोग से समाज निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं शासन-प्रशासन द्वारा मिले सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज नगरहित के कार्यों में भी निरंतर सक्रिय रहेगा।

छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव ने अपने बधाई संदेश में कहा कि महेश चौक का लोकार्पण दुर्ग नगर के सामाजिक एवं सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक है। वहीं सांसद विजय बघेल ने संदेश में कहा कि महेश चौक समाज की एकता, संस्कार एवं सेवा भावना का स्थायी प्रतीक बनेगा तथा इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए माहेश्वरी समाज एवं समस्त दुर्गवासियों को शुभकामनाएं दीं।

उल्लेखनीय है कि समाज के विशेष आग्रह पर सांसद विजय बघेल, कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव तथा महापौर अलका बाघमार के विशेष प्रयासों से गंजपारा में महेश चौक निर्माण की अनुमति प्राप्त हुई थी। समाज द्वारा निर्माण कार्य पूर्ण होने के पश्चात महेश नवमी की संध्या पर इसका लोकार्पण किया गया।

लोकार्पण कार्यक्रम से पूर्व पंडित प्रशांत दुबे ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन संपन्न कराया। दीप प्रज्ज्वलन एवं भगवान महेश की आरती के साथ समारोह का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन जगदीश चाण्डक ने किया।

इस अवसर पर माहेश्वरी महिला मंडल की अध्यक्ष प्रीति साबू, माहेश्वरी युवा मंडल अध्यक्ष निखिल भूतड़ा, बाबूलाल काबरा, विजय सोमानी, महेश टावरी, राजकुमार केला, चेतन टावरी, मनोज भूतड़ा, मोहन राठी, विठ्ठल भूतड़ा, मुरारी भूतड़ा, ओमप्रकाश टावरी, राधेश्याम भूतड़ा, राधेश्याम राठी, चतुर्भुज राठी, चैनसुख भट्टड़, नरेंद्र राठी, राजकुमार गांधी, बाबा रामदेव मंदिर समिति अध्यक्ष पंकज राठी, उपाध्यक्ष आनंद राठी, दिनेश टावरी, कोषाध्यक्ष मुकेश राठी, संगठन मंत्री आनंद चांडक, प्रचार-प्रसार प्रभारी चंद्रकांत राठी, सांस्कृतिक प्रभारी राकेश चाण्डक, आजाद चाण्डक सहित गुप्ता, ब्राह्मण, जैन, अग्रवाल, यादव समाज, चैंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।

महेश नवमी महापर्व पर दिनभर विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं सेवा गतिविधियों का आयोजन किया गया। प्रात: 7 बजे बाबा रामदेव मंदिर में थायरोकेयर के सहयोग से रक्त परीक्षण शिविर आयोजित हुआ, जिसमें 60 से अधिक लोगों की जांच की गई। इसके बाद प्रभात फेरी बाबा रामदेव मंदिर से प्रारंभ होकर गंजपारा क्षेत्र का भ्रमण करते हुए पुन: मंदिर पहुंची।

प्रात: 8:30 बजे भगवान महेश का अभिषेक एवं आरती संपन्न हुई, जबकि 10 बजे महेश ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में प्रादेशिक अध्यक्ष सुरेश मूंधड़ा उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में जिला अध्यक्ष देवरतन तापडिय़ा, प्रादेशिक माहेश्वरी महिला मंडल की संगठन मंत्री श्रद्धा राठी (धमतरी) तथा रायपुर जिला माहेश्वरी युवा संगठन के अध्यक्ष अतुल टावरी शामिल हुए।

प्रात: 10:30 बजे जिला अस्पताल दुर्ग में रक्तदान शिविर एवं फल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके पश्चात बाबा रामदेव मंदिर में प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित कर शिक्षा, सामाजिक सेवा एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां प्राप्त करने वाले 40 से अधिक समाजजनों एवं प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन भाग्यश्री राठी, राधिका साबू, हर्ष राठी एवं प्रीति चाण्डक ने किया।

प्रात: 11:45 बजे पुलगांव स्थित वृद्धाश्रम में भोजन सेवा प्रदान की गई तथा सायं 4 बजे महेश चौक पर राहगीरों के लिए शरबत वितरण का आयोजन किया गया। महेश नवमी 2026 के समस्त कार्यक्रमों के संयोजक राकेश चाण्डक रहे। कार्यक्रम के अंत में सचिव डॉ. शंकर दम्माणी ने सभी अतिथियों, समाजजनों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal