| इचलकरंजी में महेश नवमी महोत्सव 2026 श्रद्धा, सेवा, संस्कृति और सामाजिक एकता का भव्य संगम |
|
|
श्री महेश सेवा समिती, इचलकरंजी द्वारा भगवान महेश की आराधना के पावन पर्व महेश नवमी महोत्सव 2026 का आयोजन अत्यंत भव्य एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। माहेश्वरी समाज के उत्पत्ति दिवस के रूप में मनाए जाने वाले इस महापर्व पर पूरे समाज में धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक उल्लास का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। 23 जून 2026 को आयोजित मुख्य समारोह सहित लगभग एक माह तक विविध धार्मिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं खेलकूद प्रतियोगिताओं की श्रृंखला ने समाज के प्रत्येक वर्ग को उत्साहपूर्वक जोडऩे का कार्य किया। समिति द्वारा आयोजित प्रतियोगिताओं में साइकिल दौड़, दौड़, बैडमिंटन, सूर्य नमस्कार, हनुमान चालीसा पाठ, सांस्कृतिक सरगम, फैंसी ड्रेस, गायन एवं नृत्य प्रतियोगिता, माहेश्वरी क्रिकेट कार्निवल, फुटबॉल फिएस्टा, वॉलीबॉल लीग, चित्रकला, रैकेट लीग, बोर्ड गेम्स वार्स, जूनियर टर्फ क्रिकेट, कौन बनेगा महेशपति, एआई आधारित सोच विरुद्ध प्रणाली प्रतियोगिता, महेश मैराथन-2026 तथा विशाल रक्तदान शिविर जैसे अनेक कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया। 21 जून 2026 को श्री महेश सेवा समिती एवं श्री महेश नवयुवक मंडल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित महेश मैराथन-2026 महोत्सव का प्रमुख आकर्षण रही। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इचलकरंजी महानगरपालिका के उपमहापौर श्री अनिल डाल्या तथा कोल्हापुर जिला माहेश्वरी सभा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्री नितीन धूत थे। मैराथन में समाज के युवक-युवतियों, मातृशक्ति, वरिष्ठजनों एवं बाल प्रतिभाओं सहित लगभग 1500 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सभी प्रतिभागियों को सम्मानचिन्ह प्रदान किए गए तथा विभिन्न वर्गों के 70 विजेताओं को गौरवचिन्ह एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजन को सफल बनाने में श्री महेश नवयुवक मंडल एवं कोल्हापुर जिला माहेश्वरी युवा संगठन के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष श्री द्वारकाधीश सारड़ा, ट्रस्टी प्रमुख श्री वेणुगोपाल मुंदड़ा, सचिव श्री लक्ष्मीकांत बांगड़, नवयुवक मंडल के अध्यक्ष श्री अखिल बाहेती, सचिव श्री अक्षय जाखोटिया, महिला मंडल की अध्यक्षा संगीता मूंदड़ा, सचिवा पद्मा खाबाणी सहित समाज की विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी उपस्थित रहे। महेश नवमी महोत्सव के अंतर्गत आयोजित भव्य पुरस्कार वितरण समारोह में प्रतियोगिताओं के विजेताओं, शिक्षा एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धि प्राप्त करने वाले समाजबंधुओं का सम्मान किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि सोलापुर के समाजसेवी श्री ब्रिजमोहन फोफलिया, जयसिंगपुर के उद्योगपति श्री रमाकांत मालू तथा इचलकरंजी के उद्योगपति श्री प्रहलादराज भुतड़ा थे। सभी विजेताओं एवं मेधावी विद्यार्थियों को अतिथियों के करकमलों से पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किए गए।
समाज में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को नई पहचान देने के उद्देश्य से श्री महेश सेवा समिती द्वारा श्री भीमकरण छापरवाल को सामाजिक गौरव पुरस्कार व श्री कैलाशचंद लढ्ढा को उद्योग गौरव पुरस्कार से सम्मानित किया गया। सम्मान पत्र का वाचन श्री राधेश्याम भुतड़ा एवं श्री अक्षय जाखोटिया ने किया। इसके अतिरिक्त माहेश्वरी समाज की विभिन्न संस्थाओं में नव-निर्वाचित अध्यक्षों एवं सचिवों का अभिनंदन किया गया तथा उनके सफल कार्यकाल की मंगलकामनाएँ व्यक्त की गईं। समारोह में समाज की प्रतिभाशाली बेटी वृंदा बालाप्रसाद भुतड़ा को ओलंपिक प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक अर्जित कर देश एवं समाज का गौरव बढ़ाने पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उपस्थित समाजबंधुओं ने उनका जोरदार अभिनंदन किया।
महेश नवमी महोत्सव के अंतर्गत निकाली गई भव्य शोभायात्रा पूरे शहर में आकर्षण का केंद्र रही। शोभायात्रा श्री महेश सेवा समिती से प्रारंभ होकर कागवाडे मळा, जनता बैंक चौक, रानी बाग, मेन रोड एवं शंभुतीर्थ होते हुए पुन: समिति परिसर पहुँची। शोभायात्रा में समाज की विभिन्न संस्थाओं द्वारा राष्ट्रीय एकता एवं धार्मिक विविधता का संदेश देती आकर्षक झांकियाँ प्रस्तुत की गईं। इनमें शिव दरबार, विठ्ठल-रुक्मिणी, राम-कृष्ण-जानकी तथा राधा-कृष्ण की मनोहारी झांकियों ने नागरिकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। यात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर पेयजल एवं शीतल पेय की व्यवस्था की गई। मेन रोड स्थित शंभुतीर्थ पर छत्रपति श्री संभाजी महाराज की प्रतिमा पर पुष्पवर्षा कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। शोभायात्रा का समापन महेश वंदना, सामूहिक आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ हुआ। महोत्सव में अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महासभा के कार्यसमिति सदस्य श्री भीकुलाल मर्दा, प्रदेश सभा के प्रचार-प्रसार मंत्री श्री मुकेश खाबाणी, महाराष्ट्र प्रदेश माहेश्वरी युवा संगठन के अध्यक्ष श्री विनीत तोष्णीवाल, तहसील सभा के अध्यक्ष श्री दयानंद बाहेती, प्रदेश माहेश्वरी महिला संगठन की उपाध्यक्ष कांता लाहोटी, कोल्हापुर जिला महिला संगठन की अध्यक्षा मंजू काबरा, कोल्हापुर जिला माहेश्वरी युवा संगठन के अध्यक्ष श्री आनंद बांगड़ सहित समाज के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, पूर्व अध्यक्ष, न्यासीगण, कार्यकारिणी सदस्य, मातृशक्ति एवं बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे। कार्यक्रम की सफलता में श्री महेश सेवा समिती, श्री महेश नवयुवक मंडल, माहेश्वरी महिला मंडल तथा सभी स्वयंसेवकों का उल्लेखनीय योगदान रहा। समिति के सचिव श्री लक्ष्मीकांत बांगड़ ने बताया कि महेश नवमी महोत्सव-2026 ने धार्मिक आस्था, सामाजिक सेवा, सांस्कृतिक चेतना एवं समाज की एकजुटता का प्रेरणादायी संदेश देते हुए इचलकरंजी में एक नई मिसाल स्थापित की।
|
|
| 29 June 2026 |
| इचलकरंजी में महेश नवमी महोत्सव 2026 श्रद्धा, सेवा, संस्कृति और सामाजिक एकता का भव्य संगम |
|
| 29 June 2026 |
| माहेश्वरी समाज लखनऊ का वार्षिकोत्सव धूमधाम से संपन्न |