| श्रीगंगानगर जिला माहेश्वरी सभा के त्रिवार्षिक चुनाव सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न |
|
|
श्रीगंगानगर जिला माहेश्वरी सभा के त्रिवार्षिक आम चुनाव एवं कार्यकारी मंडल की बैठक प्रात: 11 बजे श्री माहेश्वरी भवन में सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई। चुनाव प्रक्रिया अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महासभा के निर्वाचन निर्देशों के अनुरूप चुनाव अधिकारी श्री सत्यनारायण झंवर (सूरतगढ़) तथा चुनाव पर्यवेक्षक श्री शिवभगवान डूडानी एवं श्री रतन लाहोटी (हनुमानगढ़) की देखरेख में सम्पन्न हुई। निर्वाचन प्रक्रिया में श्री राजकुमार चितलांगिया को अध्यक्ष, श्री भगवान दास चांडक को महासचिव तथा श्री भँवरलाल लखोटिया को कोषाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। निर्वाचन की घोषणा के साथ ही उपस्थित समाजबंधुओं ने नव-निर्वाचित पदाधिकारियों का पुष्पमालाओं से अभिनंदन कर उन्हें शुभकामनाएँ दीं तथा उनके सफल एवं समाजहितैषी कार्यकाल की कामना की। इस अवसर पर श्री माहेश्वरी सेवा समिति के विशेष आग्रह पर पूज्य माँ चैतन्य मीरा जी ने समाजबंधुओं को अपने प्रेरणादायी आशीर्वचन प्रदान किए। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक उन्नति उसकी संस्कारवान नई पीढ़ी पर निर्भर करती है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों में नैतिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों का विकास करने का आह्वान करते हुए समाजहित, सेवा एवं संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाने का संदेश दिया। माँ चैतन्य मीरा जी ने कहा कि समाज का प्रत्येक सदस्य यदि सेवा, सहयोग और समर्पण की भावना से कार्य करेगा तो संगठन और अधिक सशक्त एवं प्रगतिशील बनेगा। इस अवसर पर श्री माहेश्वरी सेवा समिति की ओर से उनका पुष्पगुच्छ, शाल एवं श्रीफल भेंट कर भावभीना सम्मान किया गया। बैठक में समाज की एकता को और अधिक मजबूत बनाने, संगठन का विस्तार करने तथा सेवा एवं सामाजिक गतिविधियों को नई गति देने का सामूहिक संकल्प भी व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित समाजबंधुओं ने नव-निर्वाचित कार्यकारिणी को बधाई देते हुए उनके सफल एवं जनहितकारी कार्यकाल की शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।
|
|
| 29 June 2026 |
| इचलकरंजी में महेश नवमी महोत्सव 2026 श्रद्धा, सेवा, संस्कृति और सामाजिक एकता का भव्य संगम |
|
| 29 June 2026 |
| माहेश्वरी समाज लखनऊ का वार्षिकोत्सव धूमधाम से संपन्न |