बरेली में हर्षोल्लास से मनाया गया माहेश्वरी समाज का वंशोत्पत्ति दिवस महेश नवमी

राजस्थानी माहेश्वरी सेवा समिति, बरेली द्वारा माहेश्वरी समाज के वंशोत्पत्ति दिवस महेश नवमी के उपलक्ष्य में अवध होटल एंड बैंक्वेट में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं महेश वंदना के साथ श्रद्धापूर्वक हुआ।

महेश नवमी के विशेष अवसर पर समाज के वरिष्ठ एवं प्रेरणास्रोत सदस्यों का सम्मान सम्मान-पत्र एवं शॉल ओढ़ाकर किया गया। सम्मानित होने वालों में श्री शिवरतन बियानी एवं श्रीमती शांति देवी बियानी, श्रीमती सुशीला साबू (स्व. श्री सीताराम साबू की धर्मपत्नी), श्री जुगल किशोर साबू एवं श्रीमती राजकुमारी साबू तथा श्रीमती विमला देवी लखोटिया (स्व. श्री शम्भू दयाल लखोटिया की धर्मपत्नी) शामिल रहे।

कार्यक्रम में वर्तमान शैक्षणिक सत्र में दसवीं, बारहवीं, स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान विशिष्ट अतिथि एसपी सिटी श्री मानुष पारिख के करकमलों से किया गया। अपने संबोधन में श्री पारिख ने राजस्थानी माहेश्वरी सेवा समिति द्वारा समाजहित एवं सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए समिति को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह को विशेष आकर्षण प्रदान किया। भगवान शिव को समर्पित भजनों की प्रस्तुति श्रीमती सुनीता राठी एवं श्रीमती रुचि मिमानी ने दी। कुमारी आद्या काबरा ने भगवान शिव के भजनों पर भरतनाट्यम प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया, जबकि कुमारी यश्वी सोनी ने शिव स्तुति प्रस्तुत की। शिव-पार्वती पर आधारित नृत्य-नाटिका श्रीमती कोमल झंवर एवं कुमारी आद्या काबरा द्वारा प्रस्तुत की गई।

इसके अतिरिक्त श्रीमती संतोष सोनी एवं श्रीमती पूजा सोनी ने सास-बहू के रिश्ते पर आधारित लघु नाटक प्रस्तुत किया। नृत्य प्रस्तुतियों में कुमारी प्रीशा राठी, कुमारी आद्या काबरा, कुमारी राधिका मोहता एवं कुमारी अनन्य मंत्री ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं डुएट नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति श्रीमती रुचि मिमानी एवं श्री संजय मिमानी तथा श्रीमती ऋतु लखोटिया एवं श्रीमती सुरभि परवाल ने दी।

कार्यक्रम का सफल संचालन मेघा चांडक ने किया। समारोह का समापन सहभोज के साथ हुआ। कार्यक्रम की सफलता में समिति के अध्यक्ष राम दयाल मोहता, मंत्री (सचिव) राजकुमार चांडक, कोषाध्यक्ष गगन काबरा तथा कार्यकारिणी सदस्यों सनत बियानी, नंदकिशोर राठी, नितिन काबरा, संदीप बियानी, संजय झंवर, पंकज सोनी एवं अभिषेक काबरा सहित सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal