| संगमनेर में धूमधाम से मनाई गई महेश नवमी |
|
|
माहेश्वरी समाज के उत्पत्ति दिवस महेश नवमी के उपलक्ष्य में संगमनेर में आठ दिवसीय भव्य महोत्सव का आयोजन उत्साह एवं श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। महोत्सव के दौरान आयोजित विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को कुल 81 हजार की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई। महेश नवमी के अवसर पर निकाली गई भव्य शोभायात्रा पूरे शहर के आकर्षण का केंद्र रही। रंग-बिरंगी रंगोलियों से सजे मार्ग, विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा, पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा में शामिल महिला, पुरुष, युवा एवं बच्चों की उत्साहपूर्ण सहभागिता तथा अनुशासित शोभायात्रा ने समाज की एकता एवं सांस्कृतिक गौरव का अनुपम संदेश दिया। शोभायात्रा के समापन पर श्रीनिवासजी सोमानी (राजेंद्र उद्योग समूह) परिवार की ओर से अल्पाहार तथा युवा महेश द्वारा सभी श्रद्धालुओं के लिए आइसक्रीम सेवा की व्यवस्था की गई। महोत्सव के अंतर्गत संगमनेर तालुका सभा एवं युवा महेश के संयुक्त तत्वावधान में भंडारी मंगल कार्यालय में विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्घाटन सरपंच विश्वनाथ कलंत्री, तालुका सभा के अध्यक्ष संजय रा. मालपाणी तथा युवा महेश अध्यक्ष विनय तापडिय़ा की उपस्थिति में हुआ। महाराष्ट्र प्रदेश जनसंपर्क मंत्री अजय जाजू एवं शैलेश कलंत्री ने सर्वप्रथम रक्तदान कर समाज के समक्ष प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया। इसी अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों एवं महिलाओं की सुविधा के लिए एनसीएमसी कार्ड, आयुष्मान कार्ड एवं आयुष्मान वय वंदना कार्ड बनाने हेतु विशेष शिविर भी आयोजित किया गया। आधार अपडेट अनिवार्य होने के कारण आयोजकों ने भंडारी मंगल कार्यालय में ही आधार अपडेट केंद्र की व्यवस्था कर वरिष्ठ नागरिकों को विशेष सुविधा उपलब्ध कराई, जिसका नागरिकों ने भरपूर लाभ उठाया। इस अवसर पर अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महासभा अर्थमंत्री राजकुमार काल्या, संगठन मंत्री प्रवीण सोमानी, उत्तरी राजस्थान प्रादेशिक माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष बाबूलाल मोहता, हैदराबाद-तेलंगाना प्रांतीय माहेश्वरी सभा के सचिव सीए कन्हैयालाल राठी तथा महाराष्ट्र प्रदेश माहेश्वरी सभा एवं ओंकारनाथ मालपाणी महेश सेवा निधि के पूर्व अध्यक्ष श्रीकिशन भंसाली ने कार्यक्रम में उपस्थित होकर संगमनेर तालुका सभा एवं युवा महेश द्वारा संचालित सामाजिक गतिविधियों की मुक्तकंठ से सराहना की। आठ दिवसीय महोत्सव के दौरान माहेश्वरी फ्रेंड्स प्रीमियर क्रिकेट लीग, टग ऑफ वॉर, तेज चाल प्रतियोगिता, वन मिनट गेम्स, कैरम, शतरंज, अंडरआर्म क्रिकेट, रक्तदान शिविर, एसटी पास कार्ड एवं आयुष्मान कार्ड शिविर, सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं, ट्रेजर हंट तथा बचपन जैसे विविध कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया, जिनमें समाज के सभी आयु वर्गों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। महोत्सव का समापन स्नेहपूर्ण वातावरण में आयोजित गेट-टुगेदर एवं स्नेहभोज के साथ हुआ। इस अवसर पर आयोजित म्यूजिकल हौजी प्रतियोगिता के लिए 51 हजार की नकद पुरस्कार राशि रखी गई थी। इस प्रकल्प का सफल संचालन सुनीता एवं गिरीश मालपाणी, स्वातीजी एवं राजेश रा. मालपाणी, प्रियंका एवं रोहित मणियार तथा मेघा एवं सुमित अट्टल ने किया। स्पोर्ट्स कार्निवल के आयोजन में मालपाणी ग्रुप का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ। पूरे आठ दिवसीय महोत्सव को सफल बनाने में संगमनेर तालुका सभा के अध्यक्ष संजयजी रा. मालपाणी, सचिव सुजित कुमार खटोड़, राजस्थान युवक मंडल के अध्यक्ष मनीष मालपाणी, कार्याध्यक्ष सागर मणियार, माहेश्वरी पंच ट्रस्ट के अध्यक्ष गिरीश मालपाणी, सरपंच विश्वनाथ कलंत्री, उत्सव समिति प्रमुख अतुल झंवर, युवा महेश के अध्यक्ष विनय तापडिय़ा, सचिव सूरज डागा तथा प्रकल्प प्रमुख सुमित अट्टल, कल्पेश मर्दा, वेणुगोपाल कलंत्री, ओम इंदानी सहित समस्त पदाधिकारियों, सदस्यों एवं कार्यकर्ताओं का उल्लेखनीय योगदान रहा।
|
|
| 27 June 2026 |
| संगमनेर में धूमधाम से मनाई गई महेश नवमी |
|
| 27 June 2026 |
| इचलकरंजी में 'परिवार समय' संकल्प पत्र का भव्य विमोचन |