| श्री महेश प्रगति संस्थान, राजसमंद ने 11 दिवसीय महेश नवमी महोत्सव धूमधाम से मनाया |
|
|
श्री महेश प्रगति संस्थान, राजसमंद द्वारा इस वर्ष महेश नवमी पर्व को महोत्सव के रूप में मनाने का निर्णय 5 जून को आयोजित कार्यसमिति की बैठक में लिया गया। इसी निर्णय के अनुरूप 13 से 23 जून तक लगातार 11 दिनों तक धार्मिक, सामाजिक, खेलकूद, सेवा एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का भव्य आयोजन किया गया। महोत्सव में समाज के तीनों घटकों—महिला, युवा एवं पुरुष—की उल्लेखनीय सहभागिता रही। संस्थान अध्यक्ष बृजगोपाल मालू, महिला संस्थान अध्यक्ष अरुणा सोमानी एवं युवा मंच अध्यक्ष उदय अजमेरा ने बताया कि माहेश्वरी समाज के उत्पत्ति दिवस को महापर्व के रूप में मनाने के उद्देश्य से समाज की मूल भावना सेवा, त्याग एवं सदाचार को केंद्र में रखते हुए प्रत्येक वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित की गई तथा विभिन्न कार्यक्रमों के लिए अलग-अलग दायित्व निर्धारित किए गए। महोत्सव का शुभारंभ 13 से 15 जून तक आयोजित तीन दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता से हुआ। संस्थान सचिव गौरव मूंदड़ा, युवा मंच सचिव दर्शन लाठी एवं महिला संगठन सचिव सपना अजमेरा ने बताया कि इस वर्ष पहली बार युवाओं एवं महिलाओं दोनों के लिए क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता हेतु ऑनलाइन पंजीकरण किया गया, जिसमें समाज के कुल 120 खिलाडिय़ों ने भाग लिया। धोइंदा रोड स्थित टर्फ मैदान पर आयोजित राजसमंद माहेश्वरी प्रीमियर लीग सीजन-3 में समाज के विभिन्न भामाशाहों द्वारा आईपीएल की तर्ज पर खिलाडिय़ों का चयन कर 12 पुरुष एवं 3 महिला टीमों का गठन किया गया। पुरुष वर्ग में राधे रॉयल टीम ने कप्तान यश झंवर के नेतृत्व में फाइनल जीतकर खिताब अपने नाम किया, जबकि कप्तान खुशाल कोठारी के नेतृत्व वाली महेश लायंस टीम उपविजेता रही। महिला वर्ग में फीयरलेस वुमेंस टीम विजेता तथा क्ररू वूमेन टीम उपविजेता रही। प्रतियोगिता के दौरान अखिल भारतीय वाद-विवाद निवारण समिति के सहसंयोजक सत्यप्रकाश काबरा, प्रदेश महामंत्री रामगोपाल सोमानी, प्रदेश संयुक्त मंत्री केदारमल न्याति, जिला अध्यक्ष विष्णुगोपाल सोमानी, जिला संगठन मंत्री भगवतीलाल असावा, जिला सचिव खूबचंद झंवर, महिला प्रदेश उपाध्यक्ष सरोज गट्टानी, महिला जिला अध्यक्ष चंदा देवपुरा, जिला सचिव राधिका लढ्ढा एवं जिला उपाध्यक्ष सीमा असावा सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। प्रदेश महामंत्री रामगोपाल सोमानी ने अगले वर्ष महिला वर्ग में और अधिक टीमों की भागीदारी का आह्वान किया।
महोत्सव के चौथे दिन 16 जून को पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके अगले दिन 17 जून को श्रीकृष्ण गौशाला में गायों को चारा खिलाकर गौसेवा की गई। 18 से 20 जून तक बालकृष्ण स्टेडियम, कांकरोली के इंडोर स्टेडियम में बैडमिंटन प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता के प्रभारी अरुण गट्टाणी, यश झंवर, खुशाल कोठारी, मुकुट लढ्ढा एवं अनीश मंत्री रहे। महिला, पुरुष एवं बाल वर्ग सहित कुल 44 खिलाडिय़ों ने प्रतियोगिता में भाग लिया। बाल वर्ग में रुद्रांश लाहोटी विजेता एवं आर्यन माहेश्वरी उपविजेता रहे। पुरुष वर्ग में शिवोन गट्टाणी विजेता तथा अरुण गट्टाणी उपविजेता बने। महिला वर्ग में माही लाहोटी विजेता एवं खुशी माहेश्वरी उपविजेता रहीं। महिला संस्थान अध्यक्ष अरुणा सोमानी ने बताया कि 21 जून अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर नौ चौकी पाल स्थित योग शिविर में फल एवं हरी सब्जियों से बने ग्रीन जूस का वितरण किया गया। इस अवसर पर राजसमंद सांसद महिमा कुमारी भी उपस्थित रहीं। सायंकाल इरिगेशन गार्डन में महिलाओं के लिए योग एवं विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। 22 जून को माहेश्वरी सेवा समिति द्वारा आयोजित सांस्कृतिक संध्या एवं स्नेहभोज में संस्थान, जिला एवं प्रदेश पदाधिकारियों ने भाग लेकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया तथा समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। महोत्सव के अंतिम एवं मुख्य दिवस 23 जून को प्रात: 5 बजे किशोर नगर स्थित विश्वंभर महादेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया गया। इसके बाद सकल माहेश्वरी समाज के तत्वावधान में विश्वंभर महादेव मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में बग्घी पर सवार शिवबारात, भगवान अमरनाथ की आकर्षक झांकी, घोड़े, बैंड-बाजे एवं बड़ी संख्या में समाजजन उत्साहपूर्वक नाचते-गाते शामिल हुए। शोभायात्रा का समापन राजनगर स्थित माहेश्वरी भवन में माहेश्वरी सेवा समिति के आतिथ्य में आयोजित स्नेहभोज के साथ हुआ। इस अवसर पर राजसमंद विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी एवं जिला अध्यक्ष विष्णुगोपाल सोमानी भी उपस्थित रहे।
महेश नवमी के अवसर पर बच्चों एवं महिलाओं के लिए अर्जुन का लक्ष्य भेद, गायत्री मंत्र लेखन, पौराणिक प्रश्नोत्तरी, ग्रुप गेम, तंबोला एवं कपल गेम सहित अनेक रोचक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। पुरुष वर्ग की प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सत्यप्रकाश काबरा, रामगोपाल सोमानी, केदारनाथ न्याति, भगवतीलाल असावा, हरिभगवान बंग, कल्पेश ईनाणी, बृजगोपाल मालू, गौरव मूंदड़ा सहित अन्य पदाधिकारियों ने सम्मानित किया। महिला वर्ग की प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं पूर्व प्रदेश सचिव डॉ. सुशीला असावा, प्रदेश उपाध्यक्ष सरोज गट्टानी, पूर्व जिला अध्यक्ष गीता काबरा, जिला अध्यक्ष चंदा देवपुरा, जिला सचिव राधिका लड्ढा एवं जिला उपाध्यक्ष सीमा असावा ने पुरस्कार प्रदान किए। सायंकाल महेश नगर स्थित श्री महेश प्रगति संस्थान भवन में आयोजित भव्य स्नेहभोज में समाज के सभी बंधुओं ने सहभागिता निभाई। पूरे महोत्सव में समाज के सभी वर्गों ने तन-मन-धन से सहयोग प्रदान किया। 11 दिनों तक चले इस महेश नवमी महोत्सव ने समाज में संगठन, सेवा, संस्कार, खेल, संस्कृति एवं सामाजिक एकता का प्रेरणादायी संदेश देते हुए हर्षोल्लास एवं भव्यता के साथ सफलतापूर्वक समापन प्राप्त किया।
|
|
| 26 June 2026 |
| महेश नवमी पर संगमनेर में रक्तदान शिविर आयोजित |