निर्जला एकादशी पर श्री माहेश्वरी महिला मंडल, चेन्नई ने किया सेवा का अनुकरणीय कार्य

निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर श्री माहेश्वरी महिला मंडल, चेन्नई द्वारा विभिन्न स्थानों पर सेवा एवं जनकल्याण के उद्देश्य से विशेष सेवा अभियान आयोजित किया गया। भीषण गर्मी को देखते हुए मंडल की सदस्याओं ने श्रद्धा, समर्पण एवं सेवा-भाव के साथ लगभग 5000 से अधिक राहगीरों, श्रमिकों एवं आमजन को शीतल जूस एवं रोज़ मिल्क का वितरण किया।

इस सेवा अभियान का उद्देश्य निर्जला एकादशी जैसे पुण्य पर्व पर मानव सेवा के माध्यम से धर्म का पालन करते हुए जरूरतमंदों को राहत प्रदान करना था। कार्यक्रम में मंडल की सदस्याओं ने पूरे उत्साह एवं समर्पण के साथ सक्रिय सहभागिता निभाई, जिससे यह सेवा कार्य अत्यंत सफल एवं प्रेरणादायक बना।

मंडल की अध्यक्षा श्रीमती ममता बागड़ी ने इस अवसर पर कहा कि नर सेवा ही नारायण सेवा है। उन्होंने सभी से सेवा, संस्कार एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम संयोजिकाओं शोभना सिक्ची एवं पायल गोयदनी के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित यह सेवा अभियान समाज के लिए प्रेरणास्रोत बना। मंडल की सचिव कुसुम मालपानी ने कार्यक्रम की सफलता में सहयोग देने वाली सभी सदस्याओं एवं सहयोगियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।

श्री माहेश्वरी महिला मंडल, चेन्नई ने सभी समाजबंधुओं से आह्वान किया कि वे भविष्य में भी सेवा, संस्कार एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के ऐसे कार्यों में निरंतर सहभागिता निभाते रहें।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal