| गौसेवा एवं परिक्रमा के साथ मनाया महेश नवमी महोत्सव का तीसरा दिवस |
|
|
माहेश्वरी मंडल समिति, भरतपुर के तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय माहेश्वरी वंशोत्पत्ति दिवस श्री महेश नवमी महोत्सव के तीसरे दिन गौसेवा एवं धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन श्रद्धा एवं उत्साह के साथ किया गया। जिलाध्यक्ष ओ.पी. माहेश्वरी ने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत 31 समाजबंधुओं द्वारा गौशाला में 21 किलो गुड़, 51 क्विंटल हरा चारा एवं 11 क्विंटल सूखा चारा (भूसा) गौ प्रसादी के रूप में अर्पित किया गया। इस अवसर पर गौशाला के मुरली मनोहर मालपानी एवं उज्ज्वल ठाकुर ने उपस्थित समाजबंधुओं को गौशाला के इतिहास, संचालन एवं विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। सभी श्रद्धालुओं ने श्री सुरभि गौ माता सहित हजारों गौवंश की परिक्रमा की तथा संपूर्ण ब्रजमंडल से लाई गई पवित्र रज का दर्शन एवं स्पर्श कर श्रद्धापूर्वक प्रणाम किया। मुरली मनोहर मालपानी ने बताया कि गौशाला की गतिविधियों पर लगभग 400 सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाती है तथा करीब 500 सेवक निरंतर गौसेवा में समर्पित हैं। उन्होंने विभिन्न गव्य उत्पादों की जानकारी भी दी, जिसके परिणामस्वरूप अनेक समाजबंधुओं ने वेदलक्षणा गाय का घी एवं औषधीय उत्पादों का क्रय किया। गौशाला की ओर से सभी आगंतुकों को गौ माता की छाछ एवं खीर-भोजन प्रसादी का वितरण किया गया। इस दौरान कई श्रद्धालुओं ने तुलादान भी किया। गौशाला प्रबंधन की ओर से मुरली मनोहर मालपानी ने वरिष्ठजनों का पटका पहनाकर सम्मान किया। समाजबंधुओं ने गौशाला की सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं का अवलोकन कर प्रसन्नता व्यक्त की। कार्यक्रम के अंत में गौ माता को प्रणाम कर सभी ने गौसेवा के प्रति अपनी आस्था प्रकट की तथा आयोजन को सफल बनाने वाले सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। वर्तमान में गौशाला में लगभग 10,000 गौवंश की सेवा की जा रही है। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष ओ.पी. माहेश्वरी, महामंत्री मुकेश कुमार, लक्ष्मी नारायण माहेश्वरी, दीपक, कृष्ण कुमार, योगेश, फूलचंद, राजकिशोर, संजय, लोकेश, राघव, हीरालाल, बृजेश, टीना, रचना, सुषमा, मनीषा, प्रीति, केशव, गुंजन, शैलेश, अंशिका, पुष्पलता, सुमन, मोहिनी, रेखा, उषा आरती, वर्षा माहेश्वरी सहित अनेक समाजबंधु उपस्थित रहे।
|