| अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर अहमदाबाद में विविध योग कार्यक्रमों का आयोजन |
|
|
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर गुजरात राज्य योग बोर्ड, अंतर्राष्ट्रीय माहेश्वरी कपल क्लब अहमदाबाद, अहमदाबाद म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन तथा अहमदाबाद जिला माहेश्वरी शाहीबाग क्षेत्र के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित योग कार्यक्रम में लगभग 300 सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाजीपुरा गार्डन योग परिवार, अहमदाबाद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने योग प्रोटोकॉल का अभ्यास किया तथा नियमित योग को स्वस्थ जीवन का आधार बनाने का संकल्प लिया। योग दिवस के उपलक्ष्य में योग प्रशिक्षक एवं गुजरात राज्य योग बोर्ड के योग कोच श्री मुकेश कोठारी द्वारा विभिन्न स्थानों पर विशेष योग सत्र आयोजित किए गए। उन्होंने होमगार्ड एवं पुलिस प्रशासन के लगभग 300 जवानों को योगाभ्यास कराया। इसके अलावा साबरमती स्थित केंद्रीय कारागार में करीब 300 बंदियों एवं पुलिस कर्मियों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के प्रोटोकॉल के अनुसार योग करवाया गया। इसी क्रम में प्रकाश हाई स्कूल, घीकांटा में भी योग शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 300 छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर योगाभ्यास किया। कार्यक्रम के दौरान योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की जानकारी दी गई तथा सभी को दैनिक जीवन में योग अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। योग प्रशिक्षक श्री मुकेश कोठारी ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा देती है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों ने समाज के विभिन्न वर्गों में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने का कार्य किया।
|