समाजसेवी मानक लाल झंवर ने महाराजा अग्रसेन अस्पताल को डायलिसिस मशीन हेतु दिया सहयोग

नई दिल्ली। समाजसेवा एवं मानवता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए वरिष्ठ समाजसेवी मानक लाल झंवर दिल्ली ने महाराजा अग्रसेन अस्पताल, पंजाबी बाग दिल्ली को एक अत्याधुनिक डायलिसिस मशीन उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। उनके इस योगदान से अस्पताल में किडनी रोगियों को बेहतर एवं सुलभ उपचार सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी तथा डायलिसिस सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सकेगा।

जानकारी के अनुसार मानक लाल झंवर स्वयं भी नियमित रूप से अस्पताल में डायलिसिस उपचार प्राप्त करते हैं। उपचार के दौरान उन्होंने अस्पताल के चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं प्रबंधन की सेवाभावना और मरीजों के प्रति समर्पण को निकट से देखा। इससे प्रभावित होकर उन्होंने अस्पताल को एक नई डायलिसिस मशीन उपलब्ध कराने का निर्णय लिया।

महाराजा अग्रसेन हॉस्पिटल चैरिटेबल ट्रस्ट की अध्यक्ष डॉ. मीना सुभाष गुप्ता ने झंवर के इस सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योगदान केवल एक मशीन तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में सेवा, संवेदनशीलता और मानवता का संदेश देने वाला प्रेरणादायक कार्य है। उन्होंने झंवर के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की कामना भी की।

अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. दिशा मित्तल सहित ट्रस्ट के पदाधिकारियों एवं अस्पताल परिवार ने भी इस सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि इससे जरूरतमंद मरीजों को बेहतर उपचार सुविधा मिलेगी और अस्पताल की सेवाएं और अधिक प्रभावी बनेंगी।

अस्पताल प्रशासन ने मानक लाल झंवर को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित करते हुए कहा कि उनकी उदारता, सामाजिक संवेदनशीलता और सेवा भावना समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उनका यह सहयोग समाज सेवा के क्षेत्र में एक अनुकरणीय उदाहरण के रूप में सदैव स्मरणीय रहेगा।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal