महेश नवमी पर माहेश्वरी सभा शहर इकाई बीकानेर द्वारा विशाल रक्तदान शिविर आयोजित, 175 यूनिट रक्त संग्रह

माहेश्वरी समाज के उत्पत्ति दिवस महेश नवमी के अवसर पर माहेश्वरी सभा शहर इकाई बीकानेर द्वारा विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह मेगा रक्तदान शिविर जसूसर गेट के अंदर स्थित मोहता जसवंत भवन में प्रात: 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित हुआ।

माहेश्वरी सभा अध्यक्ष अनिल सोनी झूमरसा ने बताया कि शिविर का उद्घाटन दाता श्री रामेश्वर नंद महाराज, साइबर सेल की उप पुलिस अधीक्षक शालिनी बजाज, जिला उद्योग संघ अध्यक्ष डी.पी. पच्चीसिया एवं नूतन चिलर की उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर अध्यक्ष अनिल सोनी झूमरसा, कार्यक्रम संयोजक आज्ञाराम पेड़ीवाल, मंत्री पंकज भूतड़ा तथा इंद्र कुमार चांडक ने भगवान महेश के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम के दौरान माहेश्वरी सभा द्वारा नवगठित बीकानेर माहेश्वरी वेलफेयर ट्रस्ट के पोस्टर का भी अतिथियों के हाथों विमोचन किया गया। शिविर संयोजक आज्ञाराम पेड़ीवाल ने बताया कि यह शिविर किसी एक समाज विशेष तक सीमित न होकर सर्व समाज के लिए आयोजित किया गया था। इसमें विभिन्न समाजों के युवक-युवतियों, महिलाओं एवं स्वस्थ पुरुषों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया।

सह-संयोजक इंद्र कुमार चांडक (बॉबी चांडक) एवं मंत्री पंकज भूतड़ा ने बताया कि शिविर के सफल आयोजन में श्री माहेश्वरी महिला समिति गंगाशहर, श्री कृष्ण माहेश्वरी मंडल तथा माहेश्वरी युवा संगठन शहर इकाई का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ।

रक्तदाताओं के लिए दूध एवं फलों की व्यवस्था की गई। साथ ही प्रत्येक रक्तदाता को माहेश्वरी सभा की ओर से प्रशस्ति-पत्र तथा माहेश्वरी युवा संगठन द्वारा पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ गमले सहित पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया।

शिविर में कुल 175 यूनिट रक्तदान हुआ, जिससे पूर्व का 120 यूनिट का रिकॉर्ड टूट गया। इस उत्कृष्ट आयोजन से प्रभावित होकर कोठारी हॉस्पिटल ब्लड बैंक एवं जीवन ज्योति ब्लड बैंक द्वारा माहेश्वरी सभा शहर इकाई को 11,000 रुपये का प्रोत्साहन चेक भेंट किया गया।

सक्रिय सदस्य नरेंद्र राठी एवं महेश दम्मानी ने बताया कि आयोजन की सफलता में सभा के सभी कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा। इनमें प्रमुख रूप से सुरेश मोहता, विनोद झंवर, जितेंद्र डागा, रामकुमार मूंधड़ा, पवन कुमार राठी, कैलाश राठी, अंजली चांडक, विमल दम्मानी, अंकित बिनानी, दीपक बिनानी, आयुष लखानी, यश कोठारी, अरुण पेड़ीवाल, दिनेश पेड़ीवाल, हेमंत पेड़ीवाल सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

शिविर में समाज के अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे, जिनमें सत्यनारायण राठी, डॉ. बाबूलाल मोहता, विनोद दम्मानी, राजेश बिनानी, श्रीराम सिंगी, भवानी शंकर राठी, नारायण डागा, नारायण बिहानी, चांद रतन मूंधड़ा, बृजमोहन चांडक, किशन मूंधड़ा, गोपीकिशन पेड़ीवाल, महेश चांडक एवं गोपाल कृष्ण मोहता सहित बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए।

कार्यक्रम के समापन पर अध्यक्ष अनिल सोनी झूमरसा ने सभी अतिथियों, रक्तदाताओं एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए आयोजन की सफलता के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal