| भक्ति, संस्कृति और संगठन शक्ति का अद्भुत संगम बना श्री गोदा रंगनाथ जी विवाह महोत्सव |
|
|
पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर श्री वेंकटेश मंदिर, छतरी बाग इन्दौर में श्री माहेश्वरी डीडवाना महिला मंडल द्वारा आयोजित श्री गोदा-रंगनाथ जी विवाह कल्याण महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और संस्कृति का अद्भुत संगम बनकर सम्पन्न हुआ। दो दिवसीय यह दिव्य आयोजन 23 एवं 24 मई को परम पूज्य 1008 श्री विष्णु प्रपंचाचार्य महाराज के पावन सानिध्य में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। करीब ढाई से तीन माह की सतत तैयारी, समर्पण एवं सामूहिक सहयोग से महोत्सव को भव्य स्वरूप प्रदान किया गया। कार्यक्रम परम पूज्य 1008 श्री विष्णु प्रपन्नाचार्य जी महाराज के पावन सान्निध्य में सम्पन्न हुआ, जिससे पूरे आयोजन में आध्यात्मिक ऊर्जा एवं भक्ति का विशेष संचार रहा। महोत्सव के प्रथम दिवस 23 मई को भगवान की मेहंदी, हल्दी, बत्तीसी एवं मायरा जैसे मंगलमय कार्यक्रम श्रद्धा और उल्लास के साथ सम्पन्न हुए। गोदा जी के मायरा कार्यक्रम में 'सरकार भाईÓ बनने की अनूठी परंपरा ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। द्वारिका मंत्री के सुमधुर भजनों की मधुर स्वर लहरियों के बीच ठाकुरजी का दिव्य कल्याणोत्सव एवं विवाह समारोह अत्यंत भक्तिभाव से सम्पन्न हुआ। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्ति रस से सराबोर रहा तथा सभी व्यवस्थाएँ अनुशासित एवं सुव्यवस्थित रहीं। महिला मंडल की समस्त समिति एवं समाजजनों ने तन-मन-धन से आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। मंडल द्वारा सभी यजमान परिवारों एवं प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले सहयोगियों के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष आशा सिंगी, सचिव ज्योति मुच्छाल, संयोजक प्रियांका भलीका, सविता भांगडिय़ा, नेहा भलीका एवं सीमा लालावत ने समाजजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। वहीं संस्थापक अध्यक्ष मंजू भलीका एवं निवर्तमान अध्यक्ष सुषमा मालू के विशेष मार्गदर्शन एवं सहयोग को आयोजन की सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताया गया। यह भव्य कल्याण महोत्सव माहेश्वरी समाज की धार्मिक परंपरा, सांस्कृतिक गौरव एवं संगठन शक्ति का प्रेरणादायी उदाहरण बन गया।
|