| वरंगल में 'पधारो बहना बाबुल के अंगना' कार्यक्रम बड़े धूमधाम से सम्पन्न |
|
|
माहेश्वरी महिला मंडल एवं राजस्थानी महिला मंडल, वरंगल के संयुक्त तत्वावधान में रविवार, 17 मई 2026 को 'पधारो बहना बाबुल के अंगना' कार्यक्रम का भव्य एवं दिव्य आयोजन समाज के भवन मारुति कन्वेंशन, रंगमपेट, वरंगल में अत्यंत उत्साह एवं उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। इस विशेष आयोजन में समाज की बाहरगांव की बहन-बेटियों को ससम्मान आमंत्रित किया गया, जिसमें लगभग 300 बहनों एवं बेटियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारम्भ प्रात: 8 बजे स्वादिष्ट अल्पाहार के साथ हुआ, जिसमें समाज के सदस्यों, महिलाओं, किशोरियों एवं युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इसके पश्चात गाजे-बाजे के साथ नगर भ्रमण करते हुए सभी कार्यक्रम स्थल पहुँचे। शोभायात्रा में बहनों ने नाचते-गाते उत्साहपूर्वक भाग लिया। बाहरगांव एवं विभिन्न शहरों से पधारी लगभग 275 बहन-बेटियों का फूलों की वर्षा, मोतियों की माला एवं तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया। प्रात: 11 बजे श्रीमती वैष्णवी झवर, निजामाबाद द्वारा विधिवत कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया। दोनों महिला मंडलों द्वारा सुंदर नृत्य प्रस्तुत किए गए तथा विभिन्न खेलों एवं अंत्याक्षरी के माध्यम से सभी को उत्साहपूर्वक जोड़े रखा। कार्यक्रम का लाइव टेलीकास्ट भी किया गया, जिसका समाजजनों ने भरपूर आनंद लिया। मध्यान्ह 1 बजे सभी बहन-बेटियों के लिए शाही भोजन तथा समस्त समाजजनों के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था की गई। इसके उपरांत दोपहर 3 बजे समाज की बहनों द्वारा तंबोला कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सायं 5:30 बजे मंचीय कार्यक्रम का शुभारम्भ श्री राधाकृष्ण भगवान की पूजा एवं बाहरगांव से पधारी वरिष्ठ बहनों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। प्रगतिशील मारवाड़ी समाज के अध्यक्ष श्री वेणुगोपाल मूंदड़ा ने प्रेरणादायी संदेश देते हुए समाज को जागरूक एवं सजग रहने का आह्वान किया। इस अवसर पर माहेश्वरी समाज के अध्यक्ष श्री प्रहलाद सोनी, माहेश्वरी महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती मीना किशन लाहोटी, राजस्थानी महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती कविता ओमप्रकाश सोनी एवं माहेश्वरी युवा संगठन के अध्यक्ष श्री मुकेश बंग ने आयोजन की सराहना करते हुए अपने विचार व्यक्त किए। राजस्थानी महिला मंडल की मंत्राणी श्रीमती शीतल मनोहरलाल शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की संयोजिका श्रीमती नवनीता गोपाल बंग ने आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए सभी का हृदय से आभार व्यक्त किया। इसके पश्चात दोनों मंडलों एवं वरंगल समाज की बेटियों द्वारा आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किए गए। विशेष प्रस्तुति में बेटियों ने यह संदेश दिया कि बेटियां किसी भी क्षेत्र में बेटों से कम नहीं हैं। विवाहित बेटियों द्वारा बचपन से लेकर माता-पिता, भाई-बहन एवं परिवार के रिश्तों को दर्शाता भावपूर्ण नृत्य सभी के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। अंत में दोनों मंडलों के सदस्यों ने सभी बहन-बेटियों का स्नेहपूर्वक सम्मान किया। इस भव्य आयोजन में लगभग 1200 से अधिक समाजजनों ने सहभागिता की। रात्रि 8:30 बजे सभी के लिए स्वादिष्ट महाप्रसाद की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम में पूरे समाज का तन, मन एवं धन से सराहनीय सहयोग रहा। यह जानकारी कार्यक्रम की संयोजिका श्रीमती नवनीता गोपाल बंग ने प्रदान की। |