महिला दिवस पर माहेश्वरी समाज भरतपुर ने किया महिलाओं का सम्मान, होली मिलन समारोह धूमधाम से मनाया

माहेश्वरी मंडल समिति जिला भरतपुर द्वारा 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर माहेश्वरी कुंज, नीम दा गेट पर होली मिलन समारोह बड़े हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ श्री कृष्ण कुमार माहेश्वरी द्वारा भगवान महेश की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर रचना, आरती, प्रीति, उन्नति, उषा, भावना एवं गुंजन ने भक्ति गीत, भजन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। महिलाओं और पुरुषों के सामूहिक नृत्य ने उपस्थित जनों का मन मोह लिया।

इस अवसर पर जिले में नवागंतुक श्री महेश गग्गर (डीएसएम, एसबीआई लाइफ) एवं श्रीमती विनीता गग्गर का स्वागत एवं सम्मान किया गया। दोनों ने युगल नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिलाध्यक्ष ओ.पी. माहेश्वरी ने सभी महिलाओं को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका सम्मान किया। इस दौरान लक्ष्मीनारायण माहेश्वरी ने महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा विषय पर अपनी रचना प्रस्तुत करते हुए समाज से इस दिशा में सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में फूलों की होली खेली गई तथा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। साथ ही भव्य फूल बंगला झांकी भी सजाई गई। प्रह्लाद माहेश्वरी ने श्याम बाबा पर राजस्थानी गीत प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

कार्यक्रम में माहेश्वरी समाज के सदस्य सपरिवार उपस्थित रहे। कार्यक्रम के आयोजक योगेश माहेश्वरी एवं हीरालाल माहेश्वरी थे। इस अवसर पर दोनों की नवविवाहित पुत्रवधुओं को सभी ने शुभकामनाएं एवं बधाई दी। महिला प्रकोष्ठ की चंचल, प्रियंका, श्वेता, मनीषा, शशि, पुष्पलता, टीना, विनीता, सुमन एवं छवि ने कार्यक्रम में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।

कार्यक्रम में अतिथि के रूप में वंदना खंडेलवाल, अंशिका गुप्ता एवं विशाल खंडेलवाल उपस्थित रहे। जिलाध्यक्ष ओ.पी. माहेश्वरी ने बताया कि कार्यक्रम के सफल संचालन में राधाबल्लभ, वरुण, जितेंद्र, प्रह्लाद, योगेश, संजय, ऋषि, रामकुमार, अशोक, गजेन्द्र, घनश्याम, लवलेश, विकास एवं रूपेश सहित अनेक समाजबंधुओं का विशेष योगदान रहा। अंत में महामंत्री मुकेश कुमार माहेश्वरी ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। सहभोज एवं 'जय महेशÓ के उद्घोष के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal