अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर 'नि:शब्द शक्ति' कार्यक्रम में श्रीमती विमला दम्माणी सम्मानित

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर श्री माहेश्वरी युवा मंडल, चेन्नई द्वारा शेनॉय नगर में 'नि:शब्द शक्ति' नामक एक प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन नारी शक्ति, सृजनात्मकता और सामाजिक जागरूकता को समर्पित रहा, जिसमें समाज की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं प्रार्थना के साथ हुआ। युवा मंडल के अध्यक्ष सुदर्शन मंत्री ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए महिला दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला और कहा कि समाज में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा उनके योगदान को सम्मानित करना हम सभी का दायित्व है।

इस अवसर का मुख्य आकर्षण समाजसेवी श्रीमती विमला दम्माणी का सम्मान रहा। वे एक सक्रिय और दूरदर्शी व्यक्तित्व के रूप में जानी जाती हैं तथा श्री माहेश्वरी क्लब, फ्रेंड्स ऑफ ट्राइबल और यूनिटी क्लब सहित कई सामाजिक संस्थाओं में महत्वपूर्ण पदों पर रह चुकी हैं। समाज सेवा और नेतृत्व के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत लगभग 40 महिलाओं के लिए रेजिऩ आर्ट कार्यशाला का आयोजन भी किया गया, जिसका संचालन सुश्री कृति सुदा ने किया। महिलाओं ने उत्साह के साथ भाग लेते हुए सुंदर कलाकृतियाँ बनाईं और अपनी सृजनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

इसके साथ ही लाइफसेल के सहयोग से 'स्टेम सेल विज्ञान एवं भविष्य की स्वास्थ्य तैयारी' विषय पर जागरूकता सत्र आयोजित किया गया, जिसमें लाइफसेल टीम की श्रीमती श्रीरेखा ने स्टेम सेल के महत्व और भविष्य में स्वास्थ्य सुरक्षा में इसके उपयोग के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी।

कार्यक्रम में तमिलनाडु-केरल-पांडिचेरी प्रादेशिक माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष प्रमोद मालपानी, मद्रास माहेश्वरी चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रबंध न्यासी महेंद्र मोहता, अखिल भारत वर्षीय माहेश्वरी महासभा की कार्यसमिति सदस्य सत्यनारायण भूतड़ा, माहेश्वरी सभा चेन्नई के सचिव संजय मूंधड़ा, महिला मंडल की सचिव कुसुम मालपानी सहित समाज के अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

इस अवसर पर युवा मंडल के आगामी आयोजन 'बुलंदी' के लिए श्रीमती कांतादेवी एवं जे. नारायणदास राठी (टीम एडवाइजर्स) द्वारा टाइटल स्पॉन्सर के रूप में सहयोग की घोषणा भी की गई। कार्यक्रम के सफल आयोजन में संयोजक प्रियंका मंत्री और अलका राठी का विशेष योगदान रहा। अंत में युवा मंडल के सचिव कुशल माहेश्वरी ने सभी अतिथियों, सहयोगियों एवं उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उपस्थित सभी सदस्यों ने इस आयोजन को नारी शक्ति के सम्मान, जागरूकता और सृजनात्मकता का सुंदर संगम बताया।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal