रांची में श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सवपूर्वक मनाया गया

रांची। श्री माहेश्वरी सभा, रांची के तत्वावधान में एवं श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर समिति के संचालन में श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर, गणेश नारायण साबू चौक, सेवा सदन पथ, रांची में शुक्रवार, 4 सितंबर को श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। 'नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की' के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर कृष्णमय हो उठा।

माहेश्वरी सभा, माहेश्वरी महिला समिति एवं माहेश्वरी युवा संगठन के सहयोग से आयोजित यह महोत्सव पिछले 52 वर्षों से मंदिर परिसर में निरंतर भक्तिभाव और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर शहर के बड़ी संख्या में श्रद्धालु सपरिवार मंदिर पहुंचे और भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।

महोत्सव का विशेष आकर्षण 6 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों के लिए बाल कृष्ण स्वरूप प्रतियोगिता रही। इसमें बड़ी संख्या में नन्हे प्रतिभागियों ने बाल गोपाल के मनमोहक स्वरूप में भाग लिया। प्रतियोगिता में शामिल 135 बच्चों को पुरस्कृत किया गया। इसके साथ ही भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं पर आधारित मनमोहक नृत्य-नाटिका की प्रस्तुति ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।

रात्रि 9 बजे से अंकुर डागा, दिनेश काबरा, विभोर डागा, प्रथम काबरा, सर्वेश माहेश्वरी एवं मोहित सोमानी सहित अनेक भक्तों ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी। भक्ति गीतों और भजनों से मंदिर परिसर देर रात तक भक्तिरस में डूबा रहा।

रात्रि ठीक 12 बजे घंटियों की गूंज, शंखनाद और जय कन्हैया लाल की के जयकारों के बीच लड्डू गोपाल का भव्य जन्मोत्सव मनाया गया। जन्मोत्सव के पश्चात महाआरती हुई। इसके बाद लगभग 800 श्रद्धालुओं के बीच मिठाई, फल, पंजीरी एवं माखन-मिश्री का प्रसाद वितरित किया गया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में मुख्य संयोजक अंकुर डागा एवं श्याम बियानी तथा सह-संयोजक लक्ष्मी चितलांगिया, रितु लखोटिया एवं प्रथम भाला सहित अनेक सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन से पूर्व मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया तथा पूरे कार्यक्रम का सुव्यवस्थित संचालन किया गया।

इस अवसर पर श्री माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष मुकेश काबरा, सचिव मनोज कल्याणी, माहेश्वरी महिला समिति की अध्यक्षा विजयश्री साबू, सचिव विमला फालोर, माहेश्वरी युवा संगठन के अध्यक्ष उत्सव मंत्री, झारखंड-बिहार प्रदेश माहेश्वरी सभा के सचिव नरेंद्र लखोटिया, झारखंड-बिहार प्रदेश महिला संगठन की अध्यक्ष संगीता चितलांगिया सहित विभिन्न संगठनों के कार्यकारी मंडल सदस्य, समाज के अनेक गणमान्य सदस्य एवं शहर के धर्मप्रेमी बंधु उपस्थित रहे।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal