अनीता होलानी बनीं 'तीज क्वीन', रंगारंग कार्यक्रम में महिलाओं ने जमाया उत्सव का रंग

माहेश्वरी महिला संगठन, बठिंडा की ओर से प्रधान अंजू मालपानी की अध्यक्षता में कजरी तीज, जिसे सातूड़ी तीज के नाम से भी जाना जाता है, का भव्य एवं रंगारंग आयोजन किया गया। तीज उत्सव में बठिंडा के साथ-साथ भूच्चो, तलवंडी साबो और डबवाली से पहुंची महिला संगठन की सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

पारंपरिक एवं रंग-बिरंगे परिधानों में सजी महिलाओं ने तीज के उल्लास और उमंग को जीवंत कर दिया। महिलाओं ने एक-दूसरे के साथ खुशियां साझा करते हुए विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों में हिस्सा लिया। फन गेम्स और तंबोला आयोजन के प्रमुख आकर्षण रहे, जिनमें महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

कार्यक्रम का सबसे रोमांचक क्षण उस समय आया, जब भूच्चो की अनीता होलानी को 'तीज क्वीनÓ चुना गया। उनके तीज क्वीन बनने पर संगठन की सदस्यों ने जोरदार तालियों के साथ स्वागत करते हुए बधाई दी। अनीता होलानी ने सम्मान के लिए संगठन का आभार व्यक्त किया।

उत्सव में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी खूब रंग जमाया। भूच्चो से आईं महिला सदस्यों ने शानदार नृत्य प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। वहीं बठिंडा की शालू काबरा ने भी आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।

आयोजन के दौरान पांच लक्की ड्रा भी निकाले गए। लक्की ड्रा अंजू मालपानी, पूनम राठी, सविता होलानी और नीलम होलानी के सहयोग से आयोजित किए गए। विजेताओं के नाम घोषित होते ही महिलाओं में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।

इस अवसर पर संगठन की ओर से तीज पर्व के सामाजिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे आयोजन केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि महिलाओं को आपस में जोडऩे, सामाजिक सौहार्द बढ़ाने तथा भारतीय संस्कृति और पारंपरिक पर्वों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रधान अंजू मालपानी, सचिव नीलम, संरक्षक पूनम, निवर्तमान अध्यक्ष सविता, सह-सचिव रिम्पी, कोषाध्यक्ष प्रीती सहित संगठन की सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सामूहिक प्रयासों से तीज उत्सव उल्लास, मनोरंजन और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर यादगार आयोजन बन गया।

अंत में संगठन की सदस्यों ने एक-दूसरे को तीज पर्व की शुभकामनाएं दीं और भविष्य में भी इसी प्रकार सामाजिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजनों को मिल-जुलकर आयोजित करने का संकल्प लिया।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal