माहेश्वरी भवन रावतसर में हर्षोल्लास से मनाया स्वतंत्रता दिवस, तीन समाजबंधु सम्मानित

माहेश्वरी समाज रावतसर की ओर से माहेश्वरी भवन में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में जिला माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष राजेश सोमानी एवं जिला सचिव नौरंग सोमानी की उपस्थिति में ध्वजारोहण किया गया। उपस्थित समाजबंधुओं ने राष्ट्रध्वज को सलामी देते हुए देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

इस अवसर पर उपखंड स्तर पर विभिन्न क्षेत्रों में सम्मानित हुए माहेश्वरी समाज के तीन समाजबंधुओं का समाज की ओर से अभिनंदन एवं सम्मान किया गया। इनमें एडवोकेट निर्मल माहेश्वरी, जिला विधि प्रकोष्ठ मंत्री, माहेश्वरी सभा हनुमानगढ़ एवं उपाध्यक्ष, माहेश्वरी समाज रावतसर, नरेश सिंगची, मीडिया प्रभारी, जिला माहेश्वरी सभा हनुमानगढ़ तथा डॉ. दीपक बिहानी, पुत्र राधेश्याम बिहानी शामिल रहे।

जिला अध्यक्ष राजेश सोमानी एवं उपस्थित समाजबंधुओं ने तीनों सम्मानित समाजबंधुओं को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां पूरे माहेश्वरी समाज के लिए गौरव का विषय हैं। उन्होंने समाज के युवाओं से भी समाजसेवा एवं राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में माहेश्वरी समाज सेवा समिति रावतसर के अध्यक्ष पवन बिहानी, उपाध्यक्ष मनोज करवा, राधेश्याम सोनी, लालचंद, पवन सोमानी, हेमंत बिहानी, तोलाराम करवा, जयंत करवा, जगदीश लखोटिया सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी एवं समाजबंधु उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी समाजबंधुओं ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं समृद्धि के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal