सेवा और भक्ति का संगम बना 'बेलपत्र लाखोली 2026', 55 यूनिट रक्तदान से दिया मानवता का संदेश

पुणे। श्रावण मास के पावन अवसर पर भगवान शिव को एक लाख बेलपत्र अर्पित करने के संकल्प के साथ आयोजित 'बेलपत्र लाखोली 2026Ó धार्मिक आस्था और सामाजिक सेवा का अनुपम संगम बन गया। संजय पार्क, विमान नगर स्थित श्री गणेश मंदिर परिसर में महेश परिवार के सदस्यों द्वारा आयोजित इस भव्य आयोजन में दिनभर भक्तिभाव और सेवा का अद्भुत वातावरण रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रात: 6:30 बजे श्री गणेश अभिषेक से हुआ। इसके पश्चात 7 बजे आयोजित सामूहिक शिवाभिषेक में 51 दंपत्तियों ने श्रद्धापूर्वक भाग लेकर भगवान भोलेनाथ का पूजन किया। सुबह 10 बजे ऊँ नम: शिवाय के जयघोष के साथ शिव पिंड पर एक लाख बेलपत्र अर्पित करने का क्रम प्रारंभ हुआ, जो सायंकाल 7 बजे तक निरंतर चलता रहा। इस दौरान लगभग 550 से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को बेलपत्र अर्पित कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

धार्मिक आयोजन के साथ-साथ मानव सेवा के उद्देश्य से ससून सर्वोपचार रुग्णालय एवं बी.जे.एस. मेडिकल कॉलेज के सहयोग से विशाल रक्तदान शिविर भी आयोजित किया गया। शिविर में 55 समाजबंधुओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की सेवा का संदेश दिया। सभी रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। चिकित्सा दल ने बताया कि एक यूनिट रक्त तीन लोगों का जीवन बचाने में सहायक हो सकता है।

कार्यक्रम का समापन श्री परमेश्वरन की मनोहारी शंखध्वनि, भव्य महाआरती तथा 40 ढोल वादकों के आकर्षक एवं उत्साहवर्धक ढोल वादन के साथ हुआ। पूरे मंदिर परिसर में श्रद्धा, भक्ति और उत्सव का अनुपम वातावरण देखने को मिला।

इस सफल आयोजन में बेलपत्र लाखोली टीम, श्री गणेश मंदिर समिति ट्रस्ट तथा ससून सर्वोपचार रुग्णालय की रक्तपेढ़ी के चिकित्सकों एवं कर्मचारियों का उल्लेखनीय योगदान रहा। विशेष रूप से अनूप देवकिसन बाहेती परिवार, डॉ. अभिषेक झंवर, प्रसाद धूत, पंकज काल्या, मंदिर ट्रस्टी प्रभाकर सावंत, सिल्वर लाइन अध्यक्ष नवलकिशोर बांग तथा सभी स्वयंसेवकों ने सुबह से शाम तक समर्पित भाव से सेवा देकर आयोजन को सफल बनाया। सेवा, समर्पण और शिवभक्ति का यह अनुपम संगम उपस्थित सभी श्रद्धालुओं के लिए अविस्मरणीय बन गया।

Recent News

Advertisement

Recent Edition

Copyrights © all rights reserved || Develop by : Deganahalchal